देहरादून। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान के निर्देश पर आयोजित जन समाधान दिवस में 137 से अधिक शिकायतें दर्ज हुईं। इनमें सबसे अधिक मामले भूमि विवाद और सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे से संबंधित रहे। अपर जिलाधिकारी के.के. मिश्रा और स्मृता परमार की अध्यक्षता में आयोजित समाधान दिवस में अधिकारियों ने शिकायतें सुनीं और संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
ग्राम समाज और जंगलात की जमीन पर प्लॉटिंग की शिकायत
जॉलीग्रांट और डोईवाला क्षेत्र के ग्रामीणों ने ग्राम समाज, जोहड़, तालाब और जंगलात की जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायत की। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि इन जमीनों पर कब्जे के बाद प्लॉटिंग की जा रही है।
ग्रामीणों ने यह भी बताया कि वर्ष 1965 में ट्यूबवेल और नहर के लिए छोड़ी गई जमीन पर भी कब्जा किए जाने की शिकायत सामने आई है। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम डोईवाला को स्थलीय निरीक्षण के साथ संबंधित राजस्व अभिलेखों की जांच करने के निर्देश दिए गए।
भूमि विवाद से जुड़ी शिकायतों पर जांच के निर्देश
जन समाधान दिवस में विभिन्न विभागों से संबंधित अन्य शिकायतें भी सामने आईं। अधिकारियों ने शिकायतों को संबंधित विभागों को भेजते हुए नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। भूमि और सरकारी संपत्ति से जुड़े मामलों में स्थलीय स्थिति और अभिलेखों के आधार पर जांच करने पर जोर दिया गया।