दिल्ली में 2 नवंबर से रिन्यूएबल एनर्जी समिट, 75 देशों से जुटेंगे 75 हजार लोग

दिल्ली में 2 नवंबर से रिन्यूएबल एनर्जी समिट, 75 देशों से जुटेंगे 75 हजार लोग

देहरादून। भारत में नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र से जुड़ा प्रमुख अंतरराष्ट्रीय आयोजन भारत रिन्यूएबल एनर्जी समिट एंड एक्सपो (BRE Summit & Expo) 2026 इस साल 2 से 5 नवंबर तक नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित किया जाएगा। चार दिवसीय आयोजन में नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र की तकनीक, निवेश, विनिर्माण, ऊर्जा भंडारण और ग्रीन हाइड्रोजन से जुड़े विषयों पर चर्चा होगी।
इस बार आयोजन की खास बात यह है कि पहली बार नवीकरणीय ऊर्जा से जुड़े तीन बड़े अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रमों को एक ही मंच पर आयोजित किया जाएगा। इनमें BRE Summit & Expo 2026, इंटरनेशनल सोलर अलायंस (ISA) असेंबली के 9वें सत्र और ग्रीन हाइड्रोजन पर चौथे अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन (ICGH) शामिल हैं।

प्रधानमंत्री कर सकते हैं उद्घाटन
केंद्रीय नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री प्रह्लाद जोशी ने आयोजन की जानकारी देते हुए बताया कि प्रधानमंत्री ने BRE Summit & Expo 2026 का उद्घाटन करने की सहमति दी है। केंद्रीय मंत्री के अनुसार, प्रधानमंत्री की मौजूदगी नवीकरणीय ऊर्जा को भारत के विकास के प्रमुख क्षेत्रों में से एक के रूप में रेखांकित करेगी और वैश्विक स्तर पर स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में भारत की भूमिका को प्रदर्शित करेगी।

75 से अधिक देशों के 75 हजार प्रतिभागियों की उम्मीद
आयोजकों के अनुसार, समिट में 75 से अधिक देशों के 75 हजार से ज्यादा प्रतिभागियों के शामिल होने की उम्मीद है। इसमें नवीकरणीय ऊर्जा की पूरी वैल्यू चेन से जुड़े प्रतिनिधियों के भाग लेने की संभावना है। इनमें ऊर्जा डेवलपर्स, तकनीकी कंपनियां, उपकरण निर्माता, बैटरी स्टोरेज कंपनियां, ग्रीन हाइड्रोजन विशेषज्ञ, वित्तीय संस्थान, अंतरराष्ट्रीय संगठन और निवेशक शामिल होंगे।

34 देशों को BRE Summit के लिए आमंत्रण
केंद्रीय मंत्री के अनुसार, BRE Summit & Expo के लिए 34 देशों को आमंत्रित किया गया है। वहीं, इंटरनेशनल सोलर अलायंस ने अपनी असेंबली में भाग लेने के लिए 128 देशों को आमंत्रित किया है।
आयोजन के दौरान सौर ऊर्जा, ऊर्जा भंडारण, ग्रीन हाइड्रोजन, नई तकनीकों, विनिर्माण और निवेश से जुड़े विषयों पर चर्चा होगी। इसका उद्देश्य स्वच्छ ऊर्जा क्षेत्र में उद्योग, सरकार, निवेशकों और अंतरराष्ट्रीय संस्थानों के बीच सहयोग के लिए मंच उपलब्ध कराना है।

भारत के रिन्यूएबल एनर्जी सेक्टर पर फोकस
BRE Summit & Expo 2026 के जरिए भारत के नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र की क्षमताओं और संभावनाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सामने रखने पर जोर रहेगा। चार दिवसीय आयोजन में सौर ऊर्जा, स्टोरेज, ग्रीन हाइड्रोजन और संबंधित तकनीकी एवं औद्योगिक क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।