FASTag रिचार्ज के लिए Google पर नंबर खोजना पड़ा भारी, खाते से 2.55 लाख रुपये उड़ाए

FASTag रिचार्ज के लिए Google पर नंबर खोजना पड़ा भारी, खाते से 2.55 लाख रुपये उड़ाए

काशीपुर। FASTag रिचार्ज कराने के लिए Google पर कस्टमर केयर नंबर खोजना एक व्यक्ति को भारी पड़ गया। साइबर ठगों ने FASTag की KYC कराने के नाम पर व्हाट्सऐप पर लिंक भेजकर पीड़ित से प्रक्रिया पूरी कराई और उसके बैंक खाते से 2 लाख 55 हजार रुपये निकाल लिए। मामले में पुलिस ने अज्ञात साइबर ठग के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

एलडी भट्ट राजकीय चिकित्सालय, काशीपुर निवासी खेमपाल पुत्र नाथू सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 17-18 सितंबर 2026 को उन्हें FASTag रिचार्ज कराना था। इसके लिए उन्होंने Google पर एक मोबाइल नंबर खोजकर उस पर कॉल किया। दूसरी ओर से बात करने वाले व्यक्ति ने FASTag की KYC कराने की बात कही और व्हाट्सऐप पर एक लिंक भेजकर उसे खोलने और उसमें मांगी गई जानकारी भरने के लिए कहा।

शिकायत के अनुसार, खेमपाल ने बताए गए तरीके से प्रक्रिया पूरी कर दी। इसके बाद 23 सितंबर की शाम उनके मोबाइल पर बैंक खाते से 2,55,000 रुपये कटने का मैसेज आया। रकम कटने की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
पीड़ित ने पुलिस से ठगी गई रकम वापस दिलाने की गुहार लगाई है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर अज्ञात साइबर ठग के खिलाफ बीएनएस की धारा 318(4) के तहत मुकदमा दर्ज किया है। मामले की जांच एएसआई प्रकाश सिंह बोरा को सौंपी गई है।
पुलिस बैंक खाते में हुए लेन-देन और ठगी में इस्तेमाल किए गए मोबाइल नंबर समेत अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है।