मोबाइल यूजर्स के लिए भारतीय दूरसंचार विनियामक प्राधिकरण (TRAI) ने नया नियम जारी किया है। इसके तहत टेलीकॉम कंपनियों को वॉयस और SMS वाले ऐसे रिचार्ज प्लान उपलब्ध कराने होंगे, जिनमें डेटा शामिल नहीं होगा। TRAI ने टेलीकॉम कंज्यूमर प्रोटेक्शन (13वां संशोधन) विनियम, 2026 को 22 सितंबर को जारी किया है।
नए नियम का खास फायदा उन ग्राहकों को हो सकता है जिन्हें मोबाइल पर इंटरनेट डेटा की जरूरत नहीं होती और वे मुख्य रूप से कॉल और SMS के लिए मोबाइल कनेक्शन का इस्तेमाल करते हैं। TRAI के अनुसार, जिन वैलिडिटी अवधि के लिए वॉयस, SMS और डेटा वाले स्पेशल टैरिफ वाउचर उपलब्ध हैं, उसी वैलिडिटी अवधि के लिए सिर्फ वॉयस और SMS वाला संबंधित वाउचर भी उपलब्ध कराना होगा। इन वाउचर की कीमत में भी संबंधित डेटा वाले पैक की तुलना में बड़े पैमाने पर आनुपातिक कमी रखनी होगी।
छोटे वैलिडिटी वाले विकल्प भी जरूरी
TRAI ने यह बदलाव ऐसे ग्राहकों के लिए विकल्प बढ़ाने के उद्देश्य से किया है, जिन्हें लंबी अवधि के महंगे रिचार्ज की जरूरत नहीं होती। अप्रैल 2026 में जारी मसौदे में TRAI ने कहा था कि 2024 के नियम के बाद भी केवल कुछ ही वॉयस और SMS वाले स्पेशल टैरिफ वाउचर उपलब्ध कराए जा रहे थे और छोटे वैलिडिटी वाले विकल्पों की जरूरत महसूस की गई।
अब टेलीकॉम कंपनियों को अपने वॉयस, SMS और डेटा वाले संबंधित पैक की प्रत्येक वैलिडिटी के लिए बिना डेटा वाला विकल्प उपलब्ध कराना होगा। इससे ऐसे ग्राहकों को अपनी जरूरत के मुताबिक रिचार्ज चुनने का विकल्प मिलेगा।
28 दिन के बजाय वैलिडिटी के विकल्प बढ़ेंगे
नए प्रावधानों का उद्देश्य सिर्फ डेटा वाले बंडल पर निर्भरता कम करना है। खासकर ऐसे ग्राहक जो फीचर फोन इस्तेमाल करते हैं या दूसरे नंबर को केवल कॉल, SMS, बैंकिंग अलर्ट और OTP के लिए सक्रिय रखते हैं, उनके लिए बिना डेटा वाला रिचार्ज उपयोगी हो सकता है।
TRAI ने अप्रैल में जारी मसौदे में कहा था कि कई ग्राहकों ने छोटे समय की वॉयस और SMS-only योजनाओं की जरूरत बताई थी। इसी आधार पर अब संबंधित वैलिडिटी अवधि में ऐसे विकल्प उपलब्ध कराने का प्रावधान किया गया है।
Jio, Airtel और Vi पर भी लागू होगा नियम
यह नियम सभी संबंधित टेलीकॉम सेवा प्रदाताओं पर लागू होगा। इसका मतलब है कि रिलायंस जियो, भारती एयरटेल और वोडाफोन आइडिया जैसी कंपनियों को अपने संबंधित टैरिफ विकल्पों के अनुरूप बिना डेटा वाले वॉयस और SMS पैक उपलब्ध कराने होंगे।
TRAI का यह संशोधन 22 सितंबर 2026 को जारी किया गया है। अब मोबाइल ग्राहक अपने इस्तेमाल के अनुसार डेटा वाला या केवल वॉयस-SMS वाला रिचार्ज विकल्प चुन सकेंगे।