उत्तराखंड का 26 वर्षीय धर्मेंद्र मारीशस में लापता, परिवार ने CM धामी से मांगी मदद

उत्तराखंड का 26 वर्षीय धर्मेंद्र मारीशस में लापता, परिवार ने CM धामी से मांगी मदद

अल्मोड़ा: उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले के द्वाराहाट ब्लॉक के कुंथाड़ी गांव निवासी 26 वर्षीय धर्मेंद्र बिष्ट मारीशस में लापता हो गया है। बताया गया है कि 27 सितंबर को ले बाऊचान के पोंट नेचुरल इलाके में दोस्तों के साथ घूमने के दौरान वह समुद्र की तेज लहर की चपेट में आ गया और बह गया। छह दिन बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया है।

धर्मेंद्र बिष्ट अप्रैल 2025 में रोजगार के सिलसिले में मारीशस गया था। वह वहां सितार प्योर वेज कंपनी लिमिटेड इंडियन नेशनल में वेटर के रूप में काम कर रहा था। मारीशस के सोडनैक, क्वात्रे बोर्नेस क्षेत्र में वह रहता था।

मारीशस के सहायक पुलिस अधीक्षक एस. गोबुरुधुन के अनुसार, धर्मेंद्र को तेज समुद्री लहर अपने साथ बहाकर ले गई। घटना के बाद विशेष इकाइयों की मदद से खोज और बचाव अभियान चलाया जा रहा है। हालांकि, अब तक उसका पता नहीं चल सका है।

परिवार ने दर्ज कराई प्राथमिकी
धर्मेंद्र के लापता होने की सूचना परिवार ने स्थानीय पुलिस को दी। उसके पिता मदन सिंह बिष्ट ने द्वाराहाट थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। परिवार ने बेटे के साथ किसी अनहोनी की आशंका जताते हुए उसकी तलाश कराने की मांग की है।
स्थानीय पुलिस मामले में संबंधित दूतावास से संपर्क कर रही है। परिवार ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से भी मदद की अपील की है। साथ ही केंद्रीय राज्यमंत्री अजय टम्टा से मारीशस सरकार के स्तर पर पहल कराने का आग्रह किया गया है।
मारीशस में खोज और बचाव अभियान जारी है। परिवार धर्मेंद्र के सकुशल मिलने की उम्मीद लगाए हुए है और उसकी तलाश के लिए मदद की मांग कर रहा है।