सीएम धामी से मिले अक्षय कुमार, उत्तराखंड की फिल्म नीति और शूटिंग की संभावनाओं पर हुई चर्चा

सीएम धामी से मिले अक्षय कुमार, उत्तराखंड की फिल्म नीति और शूटिंग की संभावनाओं पर हुई चर्चा

देहरादून। बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार ने रविवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से शासकीय आवास पर शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उत्तराखंड की फिल्म नीति, प्रदेश में फिल्मों की शूटिंग की संभावनाओं और फिल्म उद्योग को बढ़ावा देने जैसे विषयों पर चर्चा हुई। अक्षय कुमार इन दिनों मसूरी और लंढौर क्षेत्र में अपनी आगामी फिल्म की शूटिंग कर रहे हैं।


मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड अपनी प्राकृतिक सुंदरता, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और विविध भौगोलिक परिस्थितियों के कारण देश के प्रमुख फिल्म शूटिंग स्थलों में अपनी पहचान बना रहा है। प्रदेश में बड़े फिल्म प्रोजेक्ट्स की शूटिंग होने से राज्य की पहचान फिल्म डेस्टिनेशन के रूप में और मजबूत हो रही है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार फिल्म निर्माताओं को उत्तराखंड में शूटिंग के लिए प्रोत्साहित करने और उन्हें आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में काम कर रही है।


मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड फिल्म नीति-2024 के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। फिल्म निर्माताओं को सिंगल विंडो सिस्टम के माध्यम से शूटिंग की अनुमति सहित विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इसके अलावा फिल्म निर्माण को प्रोत्साहित करने के लिए अनुदान की व्यवस्था भी की गई है।


मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में फिल्म निर्माण की गतिविधियां बढ़ने से स्थानीय कलाकारों, तकनीशियनों और युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर पैदा हो सकते हैं। फिल्म शूटिंग से पर्यटन, होटल व्यवसाय, परिवहन और अन्य स्थानीय कारोबारों को भी लाभ मिलता है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड में अधिक से अधिक फिल्मों की शूटिंग को प्रोत्साहित करने और फिल्म निर्माताओं को हरसंभव सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है।