उत्तराखंड के नए राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन आज लेंगे शपथ, लोकभवन में होगा समारोह

उत्तराखंड के नए राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन आज लेंगे शपथ, लोकभवन में होगा समारोह

देहरादून: उत्तराखंड के नवनियुक्त राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन आज, 19 अक्टूबर 2026 को राज्यपाल पद की शपथ लेंगे। देहरादून स्थित लोकभवन में सुबह 11 बजे शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जाएगा। नैनीताल हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे।

डॉ. ढाल सिंह बिसेन रविवार शाम देहरादून पहुंचे थे। जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर उत्तराखंड पुलिस ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया। इस दौरान उन्होंने पुलिस परेड का निरीक्षण भी किया। लोकभवन पहुंचने पर राज्यपाल सचिव रविनाथ रामन, हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल के.के. शुक्ल, सचिव प्रोटोकॉल विनोद कुमार सुमन, गढ़वाल मंडलायुक्त आनंद स्वरूप, आईजी विम्मी सचदेवा रामन और अपर सचिव रीना जोशी सहित अन्य अधिकारियों ने उनका स्वागत किया।

मध्य प्रदेश की राजनीति में रहा है लंबा अनुभव
डॉ. ढाल सिंह बिसेन मध्य प्रदेश के वरिष्ठ भाजपा नेता हैं। उनका जन्म मध्य प्रदेश के सिवनी जिले के पिपरिया गांव में हुआ था। वे आयुर्वेद एवं होम्योपैथी के चिकित्सक होने के साथ किसान भी हैं। बिसेन मध्य प्रदेश की बरघाट विधानसभा सीट से चार बार विधायक चुने गए। उन्होंने वर्ष 2003 से 2005 तक मध्य प्रदेश की भाजपा सरकार में कैबिनेट मंत्री के रूप में कार्य किया।
इसके अलावा, वे वर्ष 2011 से 2013 तक मध्य प्रदेश राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष रहे। वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में उन्होंने बालाघाट सीट से भाजपा के टिकट पर जीत दर्ज की और 17वीं लोकसभा के सदस्य रहे। उनका कार्यकाल वर्ष 2024 तक रहा।

गुरमीत सिंह की जगह संभालेंगे जिम्मेदारी
डॉ. ढाल सिंह बिसेन उत्तराखंड में लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह की जगह राज्यपाल का पद संभालेंगे। गुरमीत सिंह ने जुलाई 2026 में राज्यपाल के रूप में कार्यकाल की अवधि के मामले में पूर्व राज्यपाल सुदर्शन अग्रवाल का रिकॉर्ड पीछे छोड़ा था।
डॉ. बिसेन के शपथ ग्रहण के साथ ही उत्तराखंड में नए राज्यपाल के रूप में उनकी जिम्मेदारी औपचारिक रूप से शुरू हो जाएगी।