देहरादून, 31 अक्टूबर 2026: भाकृअनुप-भारतीय मृदा एवं जल संरक्षण संस्थान (ICAR-IISWC), देहरादून में शनिवार को लंबित मामलों के निस्तारण और कार्यालयों में स्वच्छता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से संचालित ‘विशेष अभियान 6.0’ का समापन समारोह आयोजित किया गया। यह राष्ट्रव्यापी अभियान 2 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2026 तक चला। इस दौरान संस्थान के सभी अनुसंधान केंद्रों, प्रभागों और अनुसंधान प्रक्षेत्र सेलाकुई में विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं।
समापन समारोह में संस्थान के वैज्ञानिकों, तकनीकी एवं प्रशासनिक अधिकारियों और कर्मचारियों ने भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत में अभियान के नोडल अधिकारी ने एक संक्षिप्त रिपोर्ट प्रस्तुत की। इसमें संस्थान के विभिन्न प्रभागों, अनुसंधान केंद्रों और सेलाकुई अनुसंधान प्रक्षेत्र में अभियान के दौरान की गई गतिविधियों और उपलब्धियों की जानकारी दी गई।
इस अवसर पर संस्थान के निदेशक डॉ. शाकिर अली ने अभियान को सफल बनाने में योगदान देने वाले सभी वैज्ञानिकों, अधिकारियों और कर्मचारियों का आभार जताया। उन्होंने निर्धारित समय-सीमा में स्वच्छता को बढ़ावा देने, लंबित मामलों का त्वरित निस्तारण करने और कार्यालयों में बेहतर स्थान प्रबंधन के लक्ष्यों को पूरा करने के लिए कर्मचारियों के प्रयासों की सराहना की।
डॉ. जे.एम.एस. तोमर, प्रभागाध्यक्ष, प्लांट साइंस ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। उन्होंने अभियान के उद्देश्यों और संस्थान में सामूहिक प्रयासों के महत्व पर अपने विचार रखे।
कार्यक्रम का आयोजन मानव संसाधन विकास एवं सामाजिक विज्ञान प्रभाग के प्रमुख डॉ. चरण सिंह के मार्गदर्शन में किया गया। संस्थान के स्वच्छ भारत मिशन के नोडल अधिकारी श्री प्रवीण कुमार तोमर ने कार्यक्रम का संचालन किया। अभियान के दौरान संस्थान के सोशल मीडिया चैनलों को नियमित रूप से अपडेट रखने में योगदान के लिए सहायक मुख्य तकनीकी अधिकारी इंजीनियर अमित चौहान के प्रयासों की भी सराहना की गई।