श्री गुरु राम राय पी.जी. कॉलेज में उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय के दीक्षारम्भ कार्यक्रम का आयोजन, पुस्तक मेले ने बढ़ाई आयोजन की गरिमा

श्री गुरु राम राय पी.जी. कॉलेज में उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय के दीक्षारम्भ कार्यक्रम का आयोजन, पुस्तक मेले ने बढ़ाई आयोजन की गरिमा

देहरादून, 30 अक्टूबर 2026: श्री गुरु राम राय पीजी कॉलेज, देहरादून में शुक्रवार को उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय की ओर से नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए दीक्षारम्भ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के अवसरों, विश्वविद्यालय की अध्ययन प्रणाली और शैक्षणिक सुविधाओं से परिचित कराना रहा। कार्यक्रम के बाद महाविद्यालय परिसर में पुस्तक मेले का भी आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों और शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. दीपाली सिंघल ने नवप्रवेशित विद्यार्थियों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल डिग्री प्राप्त करने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह व्यक्तित्व निर्माण, आत्मनिर्भरता और जीवन में सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने का महत्वपूर्ण साधन है। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन, परिश्रम और निरंतर सीखने की प्रवृत्ति अपनाने का आह्वान किया।

उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय के रीजनल डायरेक्टर प्रो. संदीप नेगी ने विश्वविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, मुक्त एवं दूरस्थ शिक्षा की उपयोगिता और विद्यार्थियों को उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मुक्त विश्वविद्यालय शिक्षा को अधिक सुलभ और व्यापक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

महाविद्यालय के मुख्य नियंता प्रो. हर्षवर्धन पंत ने शिक्षा के साथ अनुशासन, नैतिक मूल्यों और सकारात्मक व्यवहार के महत्व पर जोर दिया। वहीं, परीक्षा नियंत्रक प्रो. राकेश ढोडियाल ने परीक्षा प्रणाली, शैक्षणिक मूल्यांकन और विद्यार्थियों की जिम्मेदारियों के बारे में जानकारी दी। डॉ. हरीश जोशी ने विद्यार्थियों को शिक्षा के बदलते स्वरूप के अनुरूप स्वयं को तैयार करने और निर्धारित लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने के लिए प्रेरित किया।

31 अक्टूबर को भी लगेगा पुस्तक मेला, विद्यार्थियों को मिलेंगी निःशुल्क पुस्तकें
दीक्षारम्भ कार्यक्रम के समापन के बाद आयोजित पुस्तक मेले में विभिन्न विषयों की पुस्तकों का प्रदर्शन किया गया। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों में स्वाध्याय और पठन-पाठन की संस्कृति को बढ़ावा देना है। कॉलेज की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, पुस्तक मेला 31 अक्टूबर को भी लगाया जाएगा। इसमें उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय के विद्यार्थी निःशुल्क पुस्तकें प्राप्त कर सकेंगे।
इस अवसर पर प्रो. एपी सिंह, डॉ. श्यामवीर सिंह, डॉ. आनंद कुमार, दिग्विजय बिष्ट, परमानंद जोशी, लखपत बुटोला, जितेंद्र कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।