लखनऊ: उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के बीच लंबे समय से चले आ रहे परिसंपत्ति बंटवारे के विवादों के समाधान को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। बैठक में सिंचाई विभाग समेत विभिन्न विभागों की लंबित परिसंपत्तियों और अन्य विवादित मामलों पर विस्तार से चर्चा की गई। दोनों राज्यों के बीच शेष प्रकरणों का भी जल्द निस्तारण करने पर सहमति बनी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बताया कि दोनों राज्यों के आपसी सहयोग और समन्वय से अब तक 20 हजार करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की परिसंपत्तियों से जुड़े विवादों का समाधान हो चुका है। अन्य लंबित मामलों के निस्तारण की प्रक्रिया भी आगे बढ़ रही है। उन्होंने शेष प्रकरणों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द सुलझाने पर जोर दिया और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का सहयोग के लिए आभार जताया।
बैठक में विशेष रूप से सिंचाई विभाग से संबंधित परिसंपत्तियों और अन्य लंबित मामलों पर चर्चा हुई। दोनों राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने आपसी संवाद और समन्वय के माध्यम से विवादों को सुलझाने पर सहमति जताई, ताकि दोनों राज्यों के हितों की रक्षा के साथ विकास कार्यों को भी गति मिल सके।
गौरतलब है कि 9 नवंबर 2000 को उत्तर प्रदेश से अलग होकर उत्तराखंड राज्य का गठन हुआ था। राज्य गठन के बाद से दोनों राज्यों के बीच संपत्तियों, भवनों, भूमि, जल संसाधनों, विभागीय देनदारियों और अन्य परिसंपत्तियों के बंटवारे को लेकर कई मामले लंबित रहे हैं। समय-समय पर इन विवादों के समाधान के लिए बैठकें हुईं और कई मामलों में सहमति भी बनी, लेकिन कुछ प्रकरण अब भी लंबित हैं।