देहरादून: पटेलनगर में 14 लाख रुपये की लूट के मामले में आरोपी सिद्धांत बडोनी की गिरफ्तारी के बाद अब पुलिस कार्रवाई को लेकर नया विवाद सामने आया है। सोशल मीडिया पर एक पुलिसकर्मी का कथित वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हलचल मच गई है। वीडियो में सिपाही सिद्धांत बडोनी के साथ कथित दुर्व्यवहार किए जाने की बात कहता सुनाई दे रहा है। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने पटेलनगर कोतवाली में तैनात एक सिपाही को निलंबित कर दिया है और आरोपों की जांच एसपी देहात जया बलूनी को सौंप दी है।
14 लाख रुपये की लूट के मामले में सिद्धांत बडोनी की गिरफ्तारी के बाद से ही पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठ रहे थे। बजरंग दल की ओर से भी गिरफ्तारी का विरोध किया जा रहा था। इसी बीच पुलिसकर्मी का कथित वीडियो सामने आने के बाद मामला और चर्चा में आ गया।
वायरल वीडियो में सिपाही सिद्धांत बडोनी के साथ कथित अमानवीय व्यवहार किए जाने की बात कहता दिखाई दे रहा है। वीडियो में एक पुलिस अधिकारी को लेकर भी विवादित टिप्पणियां की गई हैं। हालांकि वीडियो में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है और इसकी सत्यता व पूरे संदर्भ की जांच की जा रही है।
एसएसपी के संज्ञान में वीडियो आने के बाद पटेलनगर कोतवाली में तैनात कांस्टेबल प्रवीण कुमार को निलंबित कर दिया गया है। एसपी सिटी शेखर सुयाल के अनुसार, वीडियो की जांच कराई जा रही है। वहीं, पुलिस पर लगे आरोपों की जांच एसपी देहात जया बलूनी कर रही हैं।
इस मामले में फरार आरोपी आदित्य का एक अन्य वीडियो भी सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है। एसएसपी ने इस वीडियो की भी जांच कराने के निर्देश दिए हैं। लूटकांड की विवेचना थानाध्यक्ष सहसपुर कर रहे हैं, जबकि पटेलनगर पुलिस पर लगे आरोपों की अलग से जांच की जा रही है।
फिलहाल पुलिस दोनों वीडियो में किए गए दावों और पूरे घटनाक्रम की पड़ताल कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही सिद्धांत बडोनी के साथ कथित व्यवहार और वायरल वीडियो में लगाए गए आरोपों की वास्तविकता स्पष्ट हो सकेगी।