1001 विद्यार्थियों को डिग्रियां प्रदान, 14 शोधार्थियों को पीएचडी से सम्मानित
डोईवाला (देहरादून)। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा रसायन एवं उर्वरक मंत्री मंत्री जेपी नड्डा (Jagat Prakash Nadda) और उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी (Pushkar Singh Dhami) ने जॉलीग्रांट स्थित स्वामी राम हिमालयन विश्वविद्यालय के आठवें दीक्षांत समारोह में क्रमशः मुख्य अतिथि और विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया।
शिक्षा के साथ सामाजिक उत्तरदायित्व भी जरूरी: डॉ. नड्डा
डॉ. नड्डा ने विभिन्न संकायों से डिग्री प्राप्त करने वाले 1001 छात्र-छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि दीक्षांत समारोह केवल शैक्षणिक उपलब्धि नहीं, बल्कि जीवन की नई यात्रा की शुरुआत है। उन्होंने कहा कि डिग्री के साथ मानव निर्माण और समाज के प्रति उत्तरदायित्व भी जुड़ा होता है।
उन्होंने अमृतकाल के अगले 25 वर्षों को विकसित भारत के निर्माण का निर्णायक काल बताते हुए युवाओं से आह्वान किया कि वे अपनी शिक्षा का उपयोग मानवता, गरीबों और अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति के कल्याण के लिए करें।
युवा शक्ति राज्य की सबसे बड़ी ताकत: मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सभी डिग्री प्राप्तकर्ताओं को बधाई देते हुए कहा कि उत्तराखण्ड की युवा शक्ति राज्य की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि स्वामी राम हिमालयन विश्वविद्यालय ने शिक्षा, चिकित्सा और जनसेवा के क्षेत्र में विशिष्ट पहचान बनाई है।
मुख्यमंत्री ने पर्वतीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार में केंद्र सरकार के सहयोग का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि “प्रधानमंत्री मोदी जी के उत्तराखण्ड के तीसरे दशक” की अवधारणा के अनुरूप राज्य में विकास कार्य तेज़ी से किए जा रहे हैं।
उन्होंने रिवर्स पलायन, जल-जंगल संरक्षण, सड़क-बिजली-इंटरनेट कनेक्टिविटी, पर्यटन विकास, एसडीजी रैंकिंग, मत्स्य विकास और ग्रामीण अर्थव्यवस्था में हो रहे सकारात्मक बदलावों का भी उल्लेख किया।
उत्कृष्ट छात्रों को विशेष सम्मान
दीक्षांत समारोह में मेडिकल, एलाइड हेल्थ, नर्सिंग, मैनेजमेंट, इंजीनियरिंग, योग विज्ञान एवं बायो-साइंसेज संकायों के विद्यार्थियों को डिग्रियां प्रदान की गईं।
31 विद्यार्थियों को अकादमिक अवार्ड
2 छात्रों को ‘स्वामी राम बेस्ट ग्रेजुएट अवार्ड’
14 शोधार्थियों को पीएचडी की उपाधि
ऑनलाइन शिक्षा की दिशा में नई पहल
समारोह के अवसर पर सेंटर फॉर डिस्टेंस एंड ऑनलाइन एजुकेशन (CDOE) का ऑनलाइन शुभारंभ भी किया गया। विश्वविद्यालय को NAAC से A+ ग्रेड प्राप्त होने के कारण CDOE के अंतर्गत संचालित पाठ्यक्रम यूजीसी से एंटाइटल्ड हैं, जिससे विद्यार्थियों को मान्यता प्राप्त गुणवत्तापूर्ण ऑनलाइन शिक्षा उपलब्ध होगी।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बढ़ाई गरिमा
कार्यक्रम में उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की झलक भी प्रस्तुत की गई। इस अवसर पर राज्य के शिक्षा एवं स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, संस्थान के अध्यक्ष डॉ. विजय धस्माना, कुलपति डॉ. राजेंद्र डोभाल, शिक्षकगण, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।