रुद्रप्रयाग की बेटी सभ्या नेगी का कमाल, अंडर-23 महिला क्रिकेट टीम में चयन

रुद्रप्रयाग की बेटी सभ्या नेगी का कमाल, अंडर-23 महिला क्रिकेट टीम में चयन

रुद्रप्रयाग: उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग की बेटी सभ्या नेगी का कमाल, अंडर-23 महिला क्रिकेट टीम में चयन जनपद से एक प्रेरणादायक खबर सामने आई है। अगस्त्यमुनि ब्लॉक के मर्गांव (पणधारा) की होनहार क्रिकेटर सभ्या नेगी का चयन उत्तराखंड अंडर-23 महिला क्रिकेट टीम में हुआ है। उनकी इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है।

गांव पहुंचते ही हुआ भव्य स्वागत

सभ्या के गांव पहुंचने पर ग्रामीणों ने ढोल-दमाऊं और फूल-मालाओं के साथ उनका जोरदार स्वागत किया। हर चेहरे पर खुशी और गर्व साफ दिखाई दिया। ग्रामीणों ने इसे पूरे क्षेत्र के लिए गौरव का क्षण बताया।

संघर्ष और मेहनत से हासिल किया मुकाम

सभ्या नेगी, दरबान सिंह नेगी की पुत्री हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने अपनी मेहनत और लगन के दम पर यह सफलता हासिल की। पहाड़ी क्षेत्र के छोटे से गांव से निकलकर क्रिकेट जैसे प्रतिस्पर्धी खेल में पहचान बनाना आसान नहीं होता, लेकिन सभ्या ने अपने जुनून से यह कर दिखाया।

पहले भी दिखा चुकी हैं शानदार प्रदर्शन

बतौर ऑलराउंडर सभ्या ने इससे पहले उत्तराखंड महिला प्रीमियर लीग में भी बेहतरीन प्रदर्शन किया था। फाइनल मुकाबले में तीन महत्वपूर्ण विकेट लेकर उन्होंने टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई थी, जिसके बाद चयनकर्ताओं की नजर उन पर पड़ी।

क्षेत्र के लिए बनीं प्रेरणा

ग्राम प्रधान और स्थानीय लोगों ने सभ्या की उपलब्धि को पूरे इलाके के लिए प्रेरणादायक बताया। परिजनों ने भी खुशी जाहिर करते हुए कहा कि सभ्या ने कठिन परिस्थितियों में भी अपने लक्ष्य से कभी समझौता नहीं किया।

सभ्या नेगी की यह सफलता साबित करती है कि मेहनत और दृढ़ संकल्प से किसी भी मुकाम को हासिल किया जा सकता है। अब उनसे राष्ट्रीय स्तर पर भी बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है।