देहरादून। उत्तराखंड को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय फिल्म शूटिंग डेस्टिनेशन के रूप में पहचान दिलाने के उद्देश्य से 57वें भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म समारोह (IFFI)-2026 के अंतर्गत आयोजित वेव्स फिल्म बाजार (Waves Film Bazaar) में राज्य की फिल्म नीति और प्राकृतिक शूटिंग स्थलों को प्रमुखता से प्रस्तुत किया गया। इस अवसर पर ‘डेस्टिनेशन उत्तराखंड: व्हेयर नेचर मीट्स सिनेमैटिक मैजिक’ विषय पर विशेष पैनल चर्चा आयोजित की गई। इसमें फिल्म निर्माताओं को राज्य में उपलब्ध सुविधाओं, फिल्म सब्सिडी और शूटिंग की संभावनाओं की जानकारी दी गई।
पैनल चर्चा में उत्तराखंड फिल्म विकास परिषद के संयुक्त निदेशक के.एस. चौहान, अभिनेत्री एवं फिल्म निर्माता आरुषि निशंक और प्रसिद्ध फिल्म निर्माता राम रेड्डी शामिल हुए। कार्यक्रम का संचालन अभिनेत्री शीना ने किया।
फिल्म निर्माण के लिए 3 करोड़ रुपये तक सब्सिडी
पैनल में के.एस. चौहान ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में तैयार उत्तराखंड फिल्म पॉलिसी-2024 का उद्देश्य प्रदेश में फिल्म निर्माण को प्रोत्साहित करना है। नीति के तहत निर्धारित पात्रता और शर्तों के अनुसार हिंदी फिल्मों, वेब सीरीज और टीवी सीरियल के लिए अधिकतम 3 करोड़ रुपये तक की सब्सिडी का प्रावधान है। फिल्म निर्माताओं की सुविधा के लिए सिंगल विंडो व्यवस्था और सरल शूटिंग अनुमति प्रक्रिया भी उपलब्ध कराई जा रही है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के हिमालयी क्षेत्र, नदियां, पर्वतीय स्थल, ऐतिहासिक भवन और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत फिल्मांकन के लिए आकर्षक विकल्प हैं। मसूरी, लैंडौर, नैनीताल, देहरादून, ऋषिकेश और हरिद्वार सहित गढ़वाल एवं कुमाऊं के विभिन्न क्षेत्रों में शूटिंग की व्यापक संभावनाएं हैं।
फिल्म निर्माताओं ने साझा किए शूटिंग के अनुभव
अभिनेत्री एवं फिल्म निर्माता आरुषि निशंक ने अपनी वेब सीरीज ‘लाइफ हिल गई’ का उदाहरण देते हुए बताया कि उत्तराखंड की पृष्ठभूमि पर आधारित इस परियोजना को कहानी सुनने के बाद जियो हॉटस्टार ने कमीशन किया। उन्होंने प्रदेश में फिल्म निर्माण के लिए मजबूत इकोसिस्टम विकसित करने की आवश्यकता पर जोर दिया।
फिल्म निर्माता राम रेड्डी ने अपनी फिल्म ‘जुगनुमा’ की शूटिंग के अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि फिल्म के लिए उपयुक्त लोकेशन तलाशने के लिए वह 17 बार उत्तराखंड आए। उन्होंने स्थानीय लोगों के सहयोग और आत्मीयता की सराहना की। फिल्म में अभिनेता मनोज बाजपेयी के साथ उत्तराखंड के गांवों के बच्चों को भी अभिनय का अवसर मिला।
स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार की संभावनाएं
चर्चा में फिल्म नीति के तीन प्रमुख आधार टैलेंट, ट्रेनिंग और टेक्नोलॉजी (3T) के माध्यम से स्थानीय कलाकारों एवं तकनीशियनों को अवसर देने और क्षेत्रीय सिनेमा को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया गया। फिल्म निर्माण गतिविधियों के विस्तार से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ने के साथ होटल, परिवहन, आतिथ्य और पर्यटन क्षेत्र को भी लाभ मिलने की संभावनाएं हैं।