उत्तराखंड साहित्य सम्मान 2026: सीएम धामी ने विभिन्न विधाओं में प्रतिभाओं को किया सम्मानित

उत्तराखंड साहित्य सम्मान 2026: सीएम धामी ने विभिन्न विधाओं में प्रतिभाओं को किया सम्मानित

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड साहित्य गौरव सम्मान समारोह में प्रदेश के प्रतिष्ठित साहित्यकारों को सम्मानित किया। इस दौरान डॉ. जितेन ठाकुर को राज्य के सर्वोच्च साहित्यिक सम्मान ‘साहित्य भूषण’ से नवाजा गया।

यह समारोह मुख्य सेवक सदन, मुख्यमंत्री आवास में उत्तराखंड भाषा संस्थान द्वारा आयोजित किया गया, जिसमें विभिन्न विधाओं के साहित्यकारों और “युवा कलमकार प्रतियोगिता” के विजेताओं को भी सम्मानित किया गया।

इन साहित्यकारों को मिला सम्मान

मुख्यमंत्री ने डॉ. बुद्धिनाथ मिश्र, श्याम सिंह कुटौला, डॉ. प्रीतम सिंह, केसर सिंह राय और अताए साबिर अफजल मंगलौरी को दीर्घकालीन उत्कृष्ट साहित्य सृजन पुरस्कार से सम्मानित किया।

इसके अलावा—

  • प्रो. दिवा भट्ट को साहित्य नारी वंदन सम्मान
  • प्रो. दिनेश चमोला को उत्कृष्ट बाल साहित्य सम्मान
  • डॉ. भूपेंद्र बिष्ट, डॉ. सुधा जुगरान, शीशपाल गुसाईं को मौलिक रचना पुरस्कार
  • तारा पाठक, हेमंत सिंह बिष्ट और गजेंद्र नौटियाल को कुमाऊंनी-गढ़वाली साहित्य सम्मान दिया गया।

साहित्यकारों को बताया प्रेरणा स्रोत

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि डॉ. जितेन ठाकुर न केवल उत्तराखंड बल्कि पूरे हिंदी साहित्य जगत के लिए प्रेरणा स्रोत हैं। उन्होंने सभी सम्मानित साहित्यकारों को बधाई देते हुए कहा कि वे अपनी रचनात्मकता के माध्यम से राज्य की सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण कार्य कर रहे हैं।