भीमताल: फर्जी पहचान से युवतियों को फंसाने वाला ‘एमडी’ गिरफ्तार, धर्मांतरण की जांच तेज

भीमताल: फर्जी पहचान से युवतियों को फंसाने वाला ‘एमडी’ गिरफ्तार, धर्मांतरण की जांच तेज

भीमताल। नैनीताल जिले के भीमताल में कथित धर्मांतरण और धोखाधड़ी के बहुचर्चित मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी मो. यूनुस उर्फ ‘एमडी’ को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार आरोपी पर आरोप है कि वह अपनी पहचान छिपाकर अलग-अलग नामों से युवतियों से संपर्क करता था। वह फोटोग्राफी, वीडियो शूट, ट्रैकिंग और म्यूजिक सेशन के जरिए पहले लड़कियों को अपने जाल में फंसाता और फिर उन पर प्रभाव बनाकर कथित तौर पर धर्म परिवर्तन के लिए दबाव डालता था।
मामले में पीड़िताओं की शिकायत के आधार पर 29 अप्रैल को मल्लीताल थाना में मुकदमा दर्ज किया गया। आरोपी के खिलाफ उत्तराखंड धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम 2018 की धारा 3/5 सहित भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया गया है।

तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपी ने वर्ष 2020 से संपर्क बनाकर पीड़िता से करीब 17 लाख रुपये और महंगे उपकरण जैसे कैमरा, लेंस और मोबाइल आदि पर खर्च करवाए। बाद में विवाह का झांसा देकर धार्मिक पहचान छिपाई और धीरे-धीरे धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाया।

बताया जा रहा है कि इस मामले में अन्य पीड़िताओं की शिकायतें भी सामने आई हैं, जिससे प्रकरण और गंभीर हो गया है। आरोपी गिरफ्तारी से पहले फरार चल रहा था, जिसके बाद भीमताल पुलिस, एसआईटी और एसओजी की संयुक्त टीम ने उसे पकड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया।

गौरतलब है कि इस मामले को लेकर स्थानीय लोगों, व्यापार मंडल और राजनीतिक संगठनों द्वारा लगातार कार्रवाई की मांग की जा रही थी। पुलिस ने अब आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की जांच शुरू कर दी है।