यहाँ फर्जी जियो अधिकारी बनकर शिक्षिका से 1.99 लाख की ठगी, FIR दर्ज

यहाँ फर्जी जियो अधिकारी बनकर शिक्षिका से 1.99 लाख की ठगी, FIR दर्ज

रुद्रपुर। उत्तराखंड के रुद्रपुर में ऑनलाइन रिचार्ज की समस्या का समाधान तलाशना एक शिक्षिका को भारी पड़ गया। साइबर ठगों ने खुद को Reliance Jio का अधिकारी बताकर उनसे 1.99 लाख रुपये की ठगी कर ली। मामले में पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, केरल के पथानमथिट्टा जिले की रहने वाली महिला वर्तमान में रुद्रपुर के एक प्रतिष्ठित स्कूल में अध्यापिका हैं। 15 अप्रैल को उन्होंने अपने मोबाइल नंबर पर जियो ऐप के माध्यम से 899 रुपये का रिचार्ज कराया, जो सफल नहीं हुआ। इसके बाद समस्या के समाधान के लिए उन्होंने गूगल पर कस्टमर केयर नंबर सर्च किया।

18 अप्रैल की रात करीब 8 बजे उन्हें एक अज्ञात व्यक्ति का कॉल आया, जिसने खुद को जियो हेड ऑफिस का अधिकारी बताया। ठग ने भरोसा दिलाया कि वह रिचार्ज की समस्या ठीक कर देगा और फोन की कुछ सेटिंग्स करने को कहा। उसके झांसे में आकर शिक्षिका ने Google Pay में जाकर पिन डाला।

इसके तुरंत बाद उनके Indian Bank खाते से दो बार में 99 हजार और 1 लाख रुपये निकल गए। ठगी का एहसास होते ही शिक्षिका ने राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई।

सीओ प्रशांत कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर कोतवाली पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है और मामले की जांच की जा रही है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान कॉल पर अपनी बैंकिंग जानकारी या ओटीपी साझा न करें और केवल आधिकारिक स्रोतों से ही कस्टमर केयर नंबर प्राप्त करें।