रुड़की। उत्तराखंड के रुड़की में बिजली चोरी और ओवरलोडिंग के मामले में ऊर्जा निगम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक बर्फ फैक्ट्री संचालक पर करीब 2 करोड़ 30 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र के व्यावसायिक उपभोक्ताओं में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, अधीक्षण अभियंता विवेक राजपूत के निर्देश पर बुधवार शाम छापेमारी की गई थी। जांच के दौरान फैक्ट्री में गंभीर अनियमितताएं पाई गईं। फैक्ट्री में स्वीकृत 70 किलोवाट कनेक्शन के मुकाबले लगभग 140 से 142 किलोवाट तक लोड का उपयोग किया जा रहा था।
टीम ने मौके पर मीटर और अन्य उपकरणों की जांच की, जिसमें स्पष्ट रूप से नियमों का उल्लंघन और ओवरलोडिंग सामने आई। इसके आधार पर ऊर्जा निगम ने भारी जुर्माना लगाया है।
अधिकारियों ने बताया कि बिजली चोरी और ओवरलोडिंग के खिलाफ विभाग लगातार अभियान चला रहा है। तय सीमा से अधिक लोड का उपयोग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस मामले में गंग नहर कोतवाली में भी शिकायत दर्ज कराई गई है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। ऊर्जा निगम ने भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए निगरानी और सख्ती बढ़ाने के निर्देश भी जारी किए हैं।