नई दिल्ली। NEET UG 2026 आज देशभर में आयोजित की जा रही है। देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा में इस बार करीब 22.79 लाख अभ्यर्थी शामिल हो रहे हैं। परीक्षा दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक पेन-पेपर मोड में आयोजित होगी।परीक्षा को निष्पक्ष और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए केंद्र और राज्य सरकारों के साथ-साथ गृह मंत्रालय, पुलिस, बीएसएफ और अर्द्धसैनिक बलों को भी तैनात किया गया है।
देश के 551 शहरों में 5432 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जबकि विदेशों में भी 14 केंद्र निर्धारित किए गए हैं।जानकारी के अनुसार 99.2 प्रतिशत अभ्यर्थियों को उनकी पसंद के अनुसार परीक्षा केंद्र आवंटित किए गए हैं।
परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए 98.8 प्रतिशत केंद्र सरकारी शिक्षण संस्थानों में बनाए गए हैं।परीक्षा केंद्रों पर चारस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है। प्रश्नपत्रों को डबल-लॉक स्ट्रॉन्ग रूम में रखा गया है और लगभग 1.85 लाख सीसीटीवी कैमरों के जरिए 24 घंटे निगरानी की जा रही है।राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी ने अभ्यर्थियों के लिए दिशा-निर्देश भी जारी किए हैं। पारंपरिक या पूरी बाजू के कपड़े पहनने वाले उम्मीदवारों को समय से पहले पहुंचने की सलाह दी गई है, ताकि जांच प्रक्रिया में सुविधा हो सके। साथ ही अभ्यर्थियों को एडमिट कार्ड की प्रिंट कॉपी, वैध फोटो आईडी और दो पासपोर्ट साइज फोटो साथ लाने के निर्देश दिए गए हैं।
पहली बार परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों को पीने का पानी घर से लाने की अनुमति दी गई है। इसके अलावा केंद्रों पर बिजली, जनरेटर और आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं की भी व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।किसी भी समस्या की स्थिति में अभ्यर्थी सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे के बीच हेल्पलाइन नंबर 011-40759000 या 011-69227700 पर संपर्क कर सकते हैं या ईमेल और आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।