टिहरी झील हादसे के बाद फ्लोटिंग हट्स का होगा सेफ्टी ऑडिट, 5 सदस्यीय जांच समिति गठित

टिहरी झील हादसे के बाद फ्लोटिंग हट्स का होगा सेफ्टी ऑडिट, 5 सदस्यीय जांच समिति गठित

टिहरी। टिहरी झील में बीती रात आए तेज आंधी-तूफान के कारण फ्लोटिंग हट्स को भारी नुकसान पहुंचा। तेज हवाओं के चलते फ्लोटिंग हट्स की जेटी क्षतिग्रस्त हो गई और संरचना दो हिस्सों में बंट गई। घटना के समय वहां ठहरे करीब 30 पर्यटकों को राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल की टीम ने सुरक्षित रेस्क्यू कर बाहर निकाला।

घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। प्रभारी जिलाधिकारी/सीडीओ वरुणा अग्रवाल ने घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए बताया कि फ्लोटिंग हट्स के संचालन को फिलहाल रोक दिया गया है। उन्होंने कहा कि सेफ्टी ऑडिट रिपोर्ट आने के बाद ही दोबारा संचालन की अनुमति दी जाएगी।

प्रशासन की ओर से एसडीएम कमलेश मेहता के नेतृत्व में पांच सदस्यीय विशेषज्ञ समिति गठित की गई है, जो फ्लोटिंग हट्स की सुरक्षा की विस्तृत जांच करेगी। इस दौरान जेटी को हुए नुकसान का भी आकलन किया जा रहा है।

घटना के दौरान एसडीआरएफ की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया। हाल ही में बरगी डैम में हुए क्रूज हादसे की पृष्ठभूमि में इस घटना को गंभीरता से देखा जा रहा है, हालांकि टिहरी में समय रहते राहत-बचाव कार्य होने से किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।

मौके पर प्रशासन और पुलिस के कई अधिकारी मौजूद रहे और स्थिति को नियंत्रित किया गया।