देहरादून। गढ़वाल विश्वविद्यालय शिक्षक संघ (ग्रुटा) के अध्यक्ष डॉ. राकेश पाठक के नेतृत्व में शिक्षक प्रतिनिधिमंडल ने आज मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर अशासकीय महाविद्यालयों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को उनके समक्ष रखा।
मुख्यमंत्री ने ग्रुटा के नवनिर्वाचित अध्यक्ष और पूरी कार्यकारिणी को शुभकामनाएं देते हुए उनकी मांगों को गंभीरता से सुना। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि बजट स्वीकृत होने के बावजूद पिछले दो महीनों से अशासकीय महाविद्यालयों में वेतन का भुगतान नहीं हुआ है, जिससे शिक्षकों और कर्मचारियों में नाराजगी है।
इसके अलावा पिछले चार वर्षों से प्रोफेसर पदों पर पदोन्नति प्रक्रिया ठप होने का मुद्दा भी उठाया गया। शिक्षकों ने मांग की कि पदोन्नतियां जल्द शुरू की जाएं। कई महाविद्यालयों में शिक्षकों की कमी के कारण छात्रों को पढ़ाई में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है, इस पर भी ध्यान आकर्षित किया गया।
प्रतिनिधिमंडल ने यह भी सुझाव दिया कि गढ़वाल विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालयों में प्रवेश कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट के बिना भी दिए जाएं, ताकि आर्थिक रूप से कमजोर और मेधावी छात्र आसानी से प्रवेश ले सकें।
मुख्यमंत्री ने सभी मांगों के समाधान का आश्वासन दिया। इस दौरान ग्रुटा महासचिव डॉ. दीपक भट्ट, सह सचिव डॉ. पुनीत सैनी और फेडरेशन ऑफ़ उत्तराखंड यूनिवर्सिटी कॉलेज संगठन के महासचिव प्रो. हर्षवर्धन पंत भी मौजूद रहे।