देहरादून: अब एक दिन में बनेगा राशन कार्ड, अधिकारियों के चक्कर से मिलेगी राहत

देहरादून: अब एक दिन में बनेगा राशन कार्ड, अधिकारियों के चक्कर से मिलेगी राहत

देहरादून: राशन कार्ड बनवाने वालों के लिए राहत भरी खबर है। अब लोगों को राशन कार्ड बनवाने के लिए सरकारी दफ्तरों के बार-बार चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। जिला पूर्ति विभाग ने नई व्यवस्था लागू करते हुए तय किया है कि सभी जरूरी दस्तावेज पूरे होने पर राशन कार्ड उसी दिन जारी कर दिया जाएगा।

अब तक राशन कार्ड बनवाने के लिए लोगों को जिला पूर्ति कार्यालय के कई चक्कर काटने पड़ते थे। इस प्रक्रिया से परेशान होकर कई लोग एजेंटों का सहारा लेते थे और मुफ्त में बनने वाले राशन कार्ड के लिए 500 से 1000 रुपये तक खर्च करने पड़ते थे। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद जिला पूर्ति अधिकारी ने व्यवस्था में बदलाव किया है।

नई व्यवस्था के तहत आवेदक को आवेदन पत्र के साथ सभी आवश्यक दस्तावेज जमा करने होंगे। दस्तावेजों की जांच के बाद कुछ ही घंटों में राशन कार्ड तैयार कर दिया जाएगा। यदि किसी दस्तावेज में कमी पाई जाती है तो उसे सुधारने के बाद अगले दिन तक राशन कार्ड उपलब्ध कराया जाएगा। इसके बाद विभागीय कर्मचारी राशन कार्ड को ऑनलाइन अपडेट करने समेत अन्य औपचारिकताएं पूरी करेंगे।

जिला पूर्ति कार्यालय में पारदर्शिता बढ़ाने के लिए सभी काउंटरों पर रजिस्टर रखना अनिवार्य किया गया है। इनमें आवेदनकर्ता का नाम, पता, मोबाइल नंबर और आवेदन की तारीख दर्ज की जाएगी। जिला पूर्ति अधिकारी किसी भी समय इन रजिस्टरों की जांच कर सकते हैं। यदि कोई आवेदन लंबित पाया गया तो संबंधित कर्मचारी से जवाब तलब किया जाएगा। अधिकारियों ने साफ कहा है कि “तेरी फाइल-मेरी फाइल” जैसी लापरवाही पर कार्रवाई की जाएगी।

जिला पूर्ति अधिकारी विपिन कुमार ने बताया कि पिछले चार महीनों में राष्ट्रीय खाद्य योजना के तहत 4820 नए राशन कार्ड बनाए गए हैं। जुलाई तक जिले में राष्ट्रीय खाद्य योजना के राशन कार्डों की संख्या 2 लाख 5 हजार 410 थी, जो अब बढ़कर 2 लाख 10 हजार 230 पहुंच गई है।

उन्होंने कहा कि यदि कोई आवेदक सभी जरूरी दस्तावेजों के साथ आवेदन जमा करता है तो उसका राशन कार्ड उसी दिन जारी कर दिया जाएगा, और किसी कारणवश देरी होने पर अगले दिन तक कार्ड उपलब्ध करा दिया जाएगा।