देहरादून/हरिद्वार: उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री मेजर जनरल (सेवानिवृत्त) भुवन चंद्र खंडूड़ी के निधन पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी बेहद भावुक नजर आए। शोक समाचार मिलते ही मुख्यमंत्री ने अपना कार्यक्रम बीच में छोड़कर देहरादून पहुंचकर दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि अर्पित की।
बताया गया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी उस समय छत्तीसगढ़ के बस्तर में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में आयोजित मध्य क्षेत्रीय परिषद की बैठक में शामिल थे। जैसे ही उन्हें जनरल खंडूड़ी के निधन की सूचना मिली, वह तुरंत देहरादून रवाना हो गए। यहां पहुंचकर मुख्यमंत्री सीधे बसंत विहार स्थित खंडूड़ी के आवास पहुंचे और उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दी।
मुख्यमंत्री धामी ने राज्य के प्रति जनरल बीसी खंडूड़ी के योगदान को याद करते हुए उत्तराखंड में तीन दिन के राजकीय शोक और एक दिन के सार्वजनिक अवकाश की घोषणा के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने अंतिम संस्कार पुलिस सम्मान के साथ कराने के भी निर्देश दिए।
बुधवार सुबह मुख्यमंत्री एक बार फिर खंडूड़ी आवास पहुंचे, जहां उन्होंने पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित किए और शवयात्रा में कंधा भी दिया। इसके बाद मुख्यमंत्री भाजपा मुख्यालय पहुंचे और वहां से हरिद्वार में आयोजित अंतिम संस्कार कार्यक्रम में शामिल हुए।
हरिद्वार में पूरे राजकीय और पुलिस सम्मान के साथ मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूड़ी का अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में राजनीतिक, सामाजिक और सैन्य क्षेत्र से जुड़े लोग मौजूद रहे। मुख्यमंत्री धामी पूरे समय भावुक और गमगीन दिखाई दिए।