भारत हार्ट इंस्टिट्यूट एंड मल्टी सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल ने टिहरी में लगाया हेल्थ कैंप, हृदय रोग जांच शिविर में उमड़े लोग

भारत हार्ट इंस्टिट्यूट एंड मल्टी सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल ने टिहरी में लगाया हेल्थ कैंप, हृदय रोग जांच शिविर में उमड़े लोग

टिहरी नगर पालिका परिसर में रविवार को भारत हार्ट इंस्टिट्यूट एंड मल्टी सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल, देहरादून की ओर से नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया और हृदय रोग सहित विभिन्न स्वास्थ्य संबंधी जांच कराई।

कार्यक्रम का शुभारंभ नगर पालिका अध्यक्ष मोहन सिंह रावत ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि टिहरी जैसे क्षेत्र में हृदय रोग विशेषज्ञों की उपलब्धता सीमित है, ऐसे में इस तरह के स्वास्थ्य शिविर स्थानीय लोगों के लिए लाभकारी साबित होते हैं। उन्होंने अस्पताल की टीम का आभार जताते हुए लोगों से स्वच्छता अपनाने और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने की अपील की।

शिविर में भारत हार्ट इंस्टिट्यूट के वरिष्ठ हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. चेतन शर्मा ने मरीजों की जांच कर परामर्श दिया। उन्होंने बताया कि पहाड़ी क्षेत्रों में भी हृदय रोग के मामलों में वृद्धि देखी जा रही है। उनके अनुसार धूम्रपान, उच्च रक्तचाप और असंतुलित खानपान हृदय रोगों के प्रमुख कारणों में शामिल हैं। उन्होंने लोगों से तंबाकू और धूम्रपान से दूरी बनाने की अपील की।

अस्पताल के मार्केटिंग मैनेजर सुनील कुकरेती ने बताया कि शिविर के दौरान कुल 124 लोगों ने स्वास्थ्य परीक्षण कराया। इसमें मरीजों को नि:शुल्क ईसीजी, ब्लड शुगर, ब्लड प्रेशर जांच और हृदय रोग विशेषज्ञ से परामर्श की सुविधा उपलब्ध कराई गई।

इस मौके पर सभासद विनित उनियाल, सुनील कुकरेती, प्रकाश शुक्ला, गजेंद्र , पूजा, हिमानी भट्ट, पवन वर्मा आदि मौजूद रहे।