देहरादून के नामी स्कूल में छात्रा से सेनेटरी नैपकिन के लिए वसूले 20 रुपये, प्रशासन ने बैठाई जांच

देहरादून के नामी स्कूल में छात्रा से सेनेटरी नैपकिन के लिए वसूले 20 रुपये, प्रशासन ने बैठाई जांच

देहरादून के एक प्रतिष्ठित स्कूल में छात्रा को सेनेटरी नैपकिन देने के बदले पैसे लेने का मामला सामने आने के बाद प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है। परिजनों की शिकायत के बाद अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लिया है।

जानकारी के अनुसार पलटन बाजार निवासी एक अभिभावक ने सिटी मजिस्ट्रेट प्रत्यूष कुमार को शिकायत देकर बताया कि उनकी बेटी परेड ग्राउंड क्षेत्र स्थित एक स्कूल में कक्षा 10 की छात्रा है। बीते सप्ताह स्कूल में मासिक धर्म के दौरान छात्रा की तबीयत खराब हो गई। इस दौरान छात्रा ने स्कूल प्रबंधन से सेनेटरी नैपकिन मांगा, जिसके बदले उससे 20 रुपये लिए गए।

परिजनों ने इस पर आपत्ति जताते हुए कहा कि छात्राओं को स्कूलों में बुनियादी स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जानी चाहिए। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उच्च न्यायालय और सर्वोच्च न्यायालय के दिशा-निर्देशों की भावना के विपरीत इस तरह शुल्क लिया गया।

मामले की शिकायत मिलने के बाद सिटी मजिस्ट्रेट ने मुख्य शिक्षा अधिकारी को पूरे प्रकरण की जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित स्कूल प्रबंधन के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

इधर महिलाओं की सुरक्षा और सुविधाओं को लेकर जिला प्रशासन पहले ही सख्त रुख अपना चुका है। हाल ही में आयोजित बैठक में सभी सरकारी और निजी संस्थानों में महिलाओं के लिए आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने, आंतरिक शिकायत समिति (ICC) गठित करने तथा शौचालयों में सेनेटरी नैपकिन वेंडिंग मशीन और इंसीनेरेटर लगाने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रशासन का कहना है कि महिलाओं और छात्राओं की गरिमा, स्वास्थ्य और सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।