देहरादून में डेंगू के खिलाफ विशेष अभियान शुरू, 15 लार्वीसाइडल टैंकरों को दिखाई गई हरी झंडी

देहरादून में डेंगू के खिलाफ विशेष अभियान शुरू, 15 लार्वीसाइडल टैंकरों को दिखाई गई हरी झंडी

देहरादून। मानसून सीजन और डेंगू के संभावित खतरे को देखते हुए नगर निगम देहरादून ने डेंगू नियंत्रण के लिए विशेष अभियान शुरू कर दिया है। गुरुवार को नगर निगम परिसर से डेंगू रोकथाम हेतु लार्वीसाइडल टैंकर अभियान का शुभारंभ किया गया। महापौर सौरभ थपलियाल और नगर आयुक्त आलोक कुमार पाण्डेय ने हरी झंडी दिखाकर अभियान की शुरुआत की।

अभियान के तहत पहले चरण में 15 लार्वीसाइडल टैंकरों को शहर के विभिन्न वार्डों और संवेदनशील क्षेत्रों में रवाना किया गया। ये टैंकर जलभराव वाले स्थानों, नालों, खाली भूखंडों, निर्माणाधीन स्थलों और अन्य संभावित मच्छर प्रजनन क्षेत्रों में नियमित रूप से लार्वीसाइडल छिड़काव करेंगे, ताकि डेंगू फैलाने वाले मच्छरों के लार्वा को शुरुआती चरण में ही नष्ट किया जा सके।

नगर निगम प्रशासन ने बताया कि यह अभियान केवल छिड़काव तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसके तहत जनजागरूकता कार्यक्रम, क्षेत्रीय निरीक्षण, स्रोत नियंत्रण और विशेष स्वच्छता अभियान भी चलाए जाएंगे। निगम का उद्देश्य डेंगू संक्रमण को रोकने के लिए निवारक उपायों को जमीनी स्तर तक प्रभावी ढंग से लागू करना है।

महापौर सौरभ थपलियाल ने कहा कि डेंगू जैसी मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए प्रशासन और नागरिकों की संयुक्त भागीदारी आवश्यक है। वहीं नगर आयुक्त आलोक कुमार पाण्डेय ने अधिकारियों को सभी वार्डों में अभियान को सुनियोजित और समयबद्ध तरीके से संचालित करने तथा संवेदनशील क्षेत्रों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

नगर निगम ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने घरों और आसपास पानी जमा न होने दें, पानी की टंकियों को ढककर रखें, कूलर और गमलों का पानी नियमित रूप से बदलें तथा डेंगू नियंत्रण अभियान में सक्रिय सहयोग करें। निगम ने स्पष्ट किया है कि आगामी दिनों में भी डेंगू रोकथाम और स्वच्छता से जुड़ी गतिविधियां बड़े स्तर पर जारी रहेंगी।