नाबालिग को दुकान में बंद करने का आरोप, हिंदू संगठनों ने जताया विरोध

नाबालिग को दुकान में बंद करने का आरोप, हिंदू संगठनों ने जताया विरोध

टिहरी, जाखणीधार बाजार में एक मीट विक्रेता पर नाबालिग बालिका को अपनी दुकान के भीतर बंद करने का आरोप लगने के बाद क्षेत्र में विवाद की स्थिति बन गई। घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद स्थानीय लोगों और विभिन्न हिंदू संगठनों ने विरोध प्रदर्शन किया।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि मीट विक्रेता ने बालिका को दुकान के अंदर ले जाकर दरवाजा बंद कर दिया और बाहर से पर्दा लगा दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुकान बंद करने से पहले संबंधित व्यक्ति कई बार बाहर आकर आसपास का जायजा लेता दिखाई दिया। आरोप है कि वह करीब 25 मिनट तक बालिका के साथ दुकान के भीतर मौजूद रहा।

घटना के विरोध में विश्व हिंदू परिषद (विहिप) और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने जाखणीधार बाजार में प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा नाबालिग का चिकित्सकीय परीक्षण कराने की मांग की।

विहिप के प्रखंड अध्यक्ष देवेंद्र पंवार ने कहा कि क्षेत्र में ऐसी घटनाओं को गंभीरता से लेने की आवश्यकता है। उन्होंने संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग करते हुए आरोप लगाया कि यह मामला तथाकथित ‘लव जिहाद’ से जुड़ा हो सकता है। हालांकि, इस संबंध में पुलिस या प्रशासन की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

प्रदर्शन में विहिप के जिला अध्यक्ष यशपाल सिंह सजवाण, विभाग संगठन मंत्री गौरव, विभाग मंत्री सुरम तोपवाल, जिला मंत्री विनय तिवाड़ी, जिला उपाध्यक्ष विजेंद्र कुमाई, बजरंग दल के प्रखंड संयोजक सुभाष, सह संयोजक गौरव, देवी प्रसाद रतूड़ी, जितेंद्र बर्तवाल, शूरवीर सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल रहे।