देहरादून। कारगिल विजय दिवस के अवसर पर 26 जुलाई को उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में ‘शौर्य दिवस’ का भव्य आयोजन किया जाएगा। गांधी पार्क में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगे और देश की रक्षा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर शहीदों के परिजनों, वीरांगनाओं और माताओं को सम्मानित करेंगे।
आयोजन की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान के निर्देशन में अपर जिलाधिकारी (एफआर) के.के. मिश्रा ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में कार्यक्रम की सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए गए।
शहर में गूंजेंगे देशभक्ति के गीत
संस्कृति विभाग को निर्देश दिए गए हैं कि 25 जुलाई की शाम 5 बजे से शहर के प्रमुख चौराहों पर देशभक्ति गीतों का प्रसारण कराया जाए। वहीं, मुख्य समारोह में उत्तराखंड की लोक संस्कृति और देशभक्ति पर आधारित रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी होंगी।
स्कूली बच्चों के लिए प्रतियोगिताएं
नई पीढ़ी को कारगिल युद्ध के वीरों से प्रेरित करने के लिए शिक्षा विभाग स्कूलों में जूनियर वर्ग के लिए पेंटिंग और सीनियर वर्ग के लिए निबंध प्रतियोगिता आयोजित करेगा। विजेताओं को मुख्य समारोह में सम्मानित किया जाएगा।
शहीद परिवारों के लिए विशेष व्यवस्था
सैनिक कल्याण और परिवहन विभाग को शहीदों के परिजनों, वीरांगनाओं और पूर्व सैनिकों के लिए वाहन व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। नगर निगम गांधी पार्क और आसपास के क्षेत्रों में विशेष सफाई अभियान चलाएगा तथा पेयजल, मोबाइल टॉयलेट, टेंट, बैरिकेडिंग और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराएगा।
जनप्रतिनिधियों को भी भेजे जाएंगे निमंत्रण
कार्यक्रम में सांसदों, विधायकों, जिला पंचायत अध्यक्ष, मेयर सहित विभिन्न जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों को आमंत्रित किया जाएगा। वहीं, पुलिस और ट्रैफिक विभाग को सुरक्षा और यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए विशेष योजना तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।
‘शौर्य दिवस’ का यह आयोजन कारगिल के वीर शहीदों को श्रद्धांजलि देने के साथ-साथ युवाओं में राष्ट्रभक्ति और सैन्य सम्मान की भावना को मजबूत करने का संदेश देगा।