देहरादून। उत्तराखंड के लिए गर्व की बात है कि खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग के अपर आयुक्त ताजबर सिंह जग्गी को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया है। उन्हें भारत के सर्वश्रेष्ठ औषधि नियंत्रक (Best Drug Controller of India) के पुरस्कार से नवाजा गया। यह सम्मान दमन में आयोजित ड्रग कंट्रोलर ऑफिसर वेलफेयर एसोसिएशन की केंद्रीय कार्यकारिणी बैठक में प्रदान किया गया।
यह पुरस्कार ड्रग कंट्रोलर ऑफिसर वेलफेयर एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष कोटेश्वर राव ने ताजबर सिंह जग्गी को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए प्रदान किया।
ताजबर सिंह जग्गी के नेतृत्व में उत्तराखंड खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग जनस्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए लगातार प्रभावी कार्रवाई कर रहा है। विभाग खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने, मिलावटखोरी पर रोक लगाने और खाद्य प्रतिष्ठानों का नियमित निरीक्षण कर नमूने लेने का कार्य कर रहा है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई भी की जा रही है।
वहीं औषधि प्रशासन के स्तर पर नकली और अवैध दवाओं के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाया गया है। मेडिकल स्टोरों और दवा निर्माण इकाइयों की नियमित निगरानी के साथ दवाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
ताजबर सिंह जग्गी की कार्यशैली सख्त लेकिन प्रभावी मानी जाती है। उनके नेतृत्व में विभाग ने प्रवर्तन कार्रवाई के साथ-साथ जनजागरूकता अभियानों को भी प्राथमिकता दी है, जिससे लोगों में सुरक्षित खाद्य पदार्थों और गुणवत्तापूर्ण दवाओं के प्रति जागरूकता बढ़ी है।
राष्ट्रीय स्तर पर मिला यह सम्मान न केवल ताजबर सिंह जग्गी की उपलब्धि है, बल्कि उत्तराखंड के खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग के प्रभावी कार्यों की भी बड़ी पहचान माना जा रहा है।