नई दिल्ली। भारतीय सेना में अधिकारी बनकर देश सेवा करने का सपना देखने वाले इंजीनियरिंग छात्रों और युवाओं के लिए सुनहरा अवसर है। भारतीय सेना ने SSC Tech-68 Entry 2026 के तहत पुरुष और महिला अभ्यर्थियों के लिए 380 पदों पर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी किया है। इस भर्ती की खास बात यह है कि किसी भी प्रकार की लिखित परीक्षा नहीं होगी। चयन शॉर्टलिस्टिंग, एसएसबी इंटरव्यू, मेडिकल परीक्षण और अंतिम मेरिट के आधार पर किया जाएगा।
380 पदों पर होगी भर्ती
भर्ती अभियान के तहत 350 पद पुरुषों और 30 पद महिलाओं के लिए निर्धारित किए गए हैं। ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 8 जुलाई 2026 से शुरू हो चुकी है। महिला उम्मीदवार 6 अगस्त 2026 और पुरुष उम्मीदवार 7 अगस्त 2026 तक आवेदन कर सकते हैं।
कौन कर सकता है आवेदन?
इस भर्ती के लिए मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से इंजीनियरिंग डिग्री होना अनिवार्य है। सिविल, कंप्यूटर साइंस, इलेक्ट्रिकल, इलेक्ट्रॉनिक्स, मैकेनिकल समेत अन्य मान्यता प्राप्त शाखाओं के अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं। इंजीनियरिंग के अंतिम वर्ष के छात्र भी आवेदन के पात्र हैं, बशर्ते वे 1 अप्रैल 2027 तक डिग्री पूरी कर लें। पुरुष और महिला दोनों उम्मीदवारों का अविवाहित होना अनिवार्य है।
आयु सीमा
उम्मीदवार की आयु 20 से 27 वर्ष के बीच होनी चाहिए। आयु की गणना 1 अप्रैल 2027 के आधार पर की जाएगी।
बिना परीक्षा होगा चयन
इस भर्ती में कोई लिखित परीक्षा नहीं होगी। सबसे पहले इंजीनियरिंग में प्राप्त अंकों के आधार पर उम्मीदवारों की शॉर्टलिस्टिंग की जाएगी। इसके बाद चयनित अभ्यर्थियों को एसएसबी इंटरव्यू के लिए बुलाया जाएगा, जो अक्टूबर से दिसंबर 2026 के बीच आयोजित होने की संभावना है। सफल उम्मीदवारों का मेडिकल परीक्षण होगा और फिर अंतिम मेरिट सूची जारी की जाएगी।
49 सप्ताह की ट्रेनिंग, फिर लेफ्टिनेंट की नियुक्ति
चयनित उम्मीदवारों को ऑफिसर्स ट्रेनिंग एकेडमी (OTA), गया में 49 सप्ताह का प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने के बाद उन्हें भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट के पद पर नियुक्त किया जाएगा।
सैलरी
प्रशिक्षण के दौरान ₹56,100 प्रति माह स्टाइपेंड मिलेगा। ट्रेनिंग पूरी होने के बाद लेफ्टिनेंट के रूप में नियुक्त अधिकारियों को भत्तों सहित करीब ₹17 से ₹18 लाख वार्षिक पैकेज मिल सकता है।
ऐसे करें आवेदन
इच्छुक अभ्यर्थी भारतीय सेना की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के समय सभी शैक्षणिक दस्तावेज, फोटो और हस्ताक्षर निर्धारित प्रारूप में अपलोड करना होगा। आवेदन पत्र जमा करने के बाद उसका प्रिंटआउट सुरक्षित रखना जरूरी है।
भारतीय सेना में अधिकारी बनने की तैयारी कर रहे इंजीनियरिंग छात्रों के लिए यह बिना लिखित परीक्षा सीधे लेफ्टिनेंट बनने का बेहतरीन अवसर है।