अब WhatsApp से बुक होगी उत्तराखंड रोडवेज बस की टिकट, जानिए पूरी प्रक्रिया

अब WhatsApp से बुक होगी उत्तराखंड रोडवेज बस की टिकट, जानिए पूरी प्रक्रिया

देहरादून। उत्तराखंड राज्य के यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। उत्तराखंड परिवहन निगम जल्द ही यात्रियों को व्हाट्सएप के माध्यम से बस टिकट बुक करने की सुविधा देने जा रहा है। इस नई व्यवस्था को राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (NIC) के सहयोग से विकसित किया जा रहा है, जिससे टिकट बुकिंग पहले से अधिक आसान और डिजिटल हो जाएगी।

परिवहन निगम की बसों में प्रतिदिन 90 हजार से अधिक यात्री सफर करते हैं। वर्तमान में यात्रियों को ऑनलाइन पोर्टल या बस में कंडक्टर से टिकट लेना पड़ता है, लेकिन नई सुविधा लागू होने के बाद वे सीधे व्हाट्सएप के जरिए टिकट बुक कर सकेंगे।

रोडवेज के महाप्रबंधक (संचालन) क्रांति सिंह ने बताया कि निगम एक आधिकारिक व्हाट्सएप नंबर जारी करेगा। इस नंबर पर संदेश भेजते ही यात्रियों के सामने यात्रा से जुड़ी जानकारी भरने का विकल्प आएगा। जानकारी दर्ज करने के बाद किराया भुगतान के लिए क्यूआर कोड उपलब्ध कराया जाएगा।

यात्री क्यूआर कोड स्कैन कर भुगतान करेंगे, जिसके बाद उनके व्हाट्सएप पर क्यूआर आधारित ई-टिकट भेज दिया जाएगा। बस में चढ़ने पर कंडक्टर अपने हैंडहेल्ड डिवाइस से टिकट का क्यूआर/बारकोड स्कैन करेगा और टिकट से जुड़ी पूरी जानकारी उसकी स्क्रीन पर दिखाई दे जाएगी।

फिलहाल यह सुविधा केवल उन रोडवेज बसों में उपलब्ध होगी, जिनमें ऑनलाइन टिकट बुकिंग की व्यवस्था पहले से मौजूद है। परिवहन निगम इस प्रणाली को जल्द लागू करने की दिशा में काम कर रहा है, जिससे यात्रियों को तेज, सुरक्षित और सुविधाजनक टिकट बुकिंग का लाभ मिल सकेगा।