देहरादून। गढ़वाल मंडल में सड़कों को गड्ढामुक्त करने के अभियान में देरी पर मंडल आयुक्त आनंद स्वरूप ने नाराजगी जताई है। उन्होंने संबंधित निर्माणदायी संस्थाओं के अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए शेष सड़कों की मरम्मत का काम 16 अक्टूबर तक हर हाल में पूरा करने के निर्देश दिए। अधिकारियों के अनुसार, मंडल में अब तक करीब 95 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है।
गुरुवार को कैंप कार्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक में सड़क मरम्मत और डामरीकरण की प्रगति की समीक्षा की गई। इस दौरान संबंधित अधिकारियों ने बताया कि पिछले दिनों हुई भारी बारिश के कारण काम प्रभावित हुआ। बारिश के चलते डामरीकरण के लिए अनुकूल तापमान नहीं मिल पाने से निर्धारित समयसीमा में कार्य पूरा करने में देरी हुई।
आम जनता को राहत देने पर जोर
मंडल आयुक्त आनंद स्वरूप ने निर्देश दिए कि शेष सड़कों की मरम्मत को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए, ताकि आम जनता को आवागमन में परेशानी न हो। उन्होंने निर्माणदायी संस्थाओं को अपने अधीन आने वाली सड़कों की स्थिति की नियमित निगरानी करने और मरम्मत कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने को कहा।
आयुक्त ने स्पष्ट किया कि सड़क मरम्मत के काम में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि अभियान केवल औपचारिकता तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि मरम्मत के बाद सड़कों की स्थिति में वास्तविक सुधार दिखना चाहिए, जिससे लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।
95 प्रतिशत काम पूरा, शेष कार्यों की समयसीमा तय
बैठक में अधिकारियों ने बताया कि गड्ढामुक्त सड़क अभियान का लगभग 95 प्रतिशत लक्ष्य पूरा कर लिया गया है। शेष सड़कों पर मरम्मत का काम तेजी से चल रहा है। आयुक्त ने सभी संबंधित विभागों को 16 अक्टूबर तक निर्धारित लक्ष्य पूरा करने के निर्देश दिए हैं।अब संबंधित निर्माणदायी संस्थाओं के सामने तय समयसीमा में शेष कार्य पूरा करने के साथ-साथ गुणवत्ता बनाए रखने की चुनौती है।
बैठक में डीजीएम सरिता बुदियाल, लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता दयानंद, अधीक्षण अभियंता एमपीएस रावत, पीएमजीएसवाई के मुख्य अभियंता एमके मित्तल, अधिशासी अभियंता रोहित श्रीवास्तव, ब्रिडकुल के परियोजना प्रबंधक मनजीत देशवाल, राष्ट्रीय राजमार्ग के नोडल अधिकारी सुरेश तोमर, आरडब्ल्यूडी के अधीक्षण अभियंता विनीत कुरेल और बीआरओ के सहायक अधिशासी अभियंता योगम्बर सिंह रावत सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।