पीआरडी जवानों के लिए बड़ी राहत, इलाज के दौरान भी मिलेगा मानदेय : रेखा आर्या

पीआरडी जवानों के लिए बड़ी राहत, इलाज के दौरान भी मिलेगा मानदेय : रेखा आर्या

देहरादून। उत्तराखंड सरकार ने पीआरडी (प्रांतीय रक्षक दल) स्वयंसेवकों के हित में बड़ा फैसला लिया है। अब ड्यूटी या प्रशिक्षण के दौरान बीमार अथवा घायल होकर अस्पताल में भर्ती होने वाले पीआरडी जवानों को उपचार अवधि के दौरान भी मानदेय मिलेगा। इस संबंध में शासन ने मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) जारी कर दी है।

युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल मंत्री रेखा आर्या ने बताया कि मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुरूप यह व्यवस्था लागू की गई है। इससे पीआरडी स्वयंसेवकों को इलाज के दौरान आर्थिक सुरक्षा मिलेगी और उन्हें आय की चिंता नहीं करनी पड़ेगी।

उन्होंने कहा कि पीआरडी जवान विभिन्न विभागों में कठिन परिस्थितियों में भी पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ अपनी सेवाएं देते हैं। ऐसे में ड्यूटी के दौरान दुर्घटना या बीमारी की स्थिति में सरकार का उनके साथ खड़ा रहना आवश्यक है। इसी उद्देश्य से अस्पताल में भर्ती रहने की अवधि को ‘ऑन ड्यूटी’ माना जाएगा और पात्र स्वयंसेवकों को अधिकतम 180 दिनों तक मानदेय प्रदान किया जाएगा।
कैबिनेट मंत्री ने बताया कि पूरे प्रदेश में व्यवस्था के पारदर्शी और समान क्रियान्वयन के लिए एसओपी जारी कर दी गई है। पात्र पीआरडी स्वयंसेवकों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार इस योजना का लाभ मिलेगा।

रेखा आर्या ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार पीआरडी जवानों के कल्याण और सामाजिक सुरक्षा के लिए लगातार महत्वपूर्ण निर्णय ले रही है। भविष्य में भी स्वयंसेवकों के हितों की रक्षा और उनके कल्याण के लिए आवश्यक कदम उठाए जाते रहेंगे।