महापौर सौरभ थपलियाल ने किया हरेला अभियान का शुभारंभ, नगर निगम लगाएगा 70 हजार पौधे

महापौर सौरभ थपलियाल ने किया हरेला अभियान का शुभारंभ, नगर निगम लगाएगा 70 हजार पौधे

देहरादून। हरेला पर्व के अवसर पर नगर निगम देहरादून ने “हरित देहरादून – स्वच्छ देहरादून” थीम के तहत वृहद वृक्षारोपण एवं पौध वितरण अभियान का शुभारंभ किया। नगर निगम परिसर में आयोजित कार्यक्रम में महापौर सौरभ थपलियाल और नगर आयुक्त आलोक कुमार पांडेय ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

कार्यक्रम में महापौर, नगर आयुक्त, पार्षदगण, नगर निगम के अधिकारी, स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं और निगम कर्मचारी उपस्थित रहे। इस दौरान महापौर ने कहा कि हरेला केवल एक पर्व नहीं, बल्कि प्रकृति संरक्षण और आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं हरित भविष्य का संकल्प है। उन्होंने नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का आह्वान किया।
नगर निगम ने “मिशन पोषण संकल्प” के तहत स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं के माध्यम से सभी वार्डों में घर-घर जाकर सब्जियों के पौधों का वितरण शुरू किया है। अभियान के तहत करीब 4 से 5 लाख सब्जियों के पौधों का वितरण किया जाएगा, ताकि प्रत्येक परिवार को पोषणयुक्त किचन गार्डन विकसित करने के लिए प्रेरित किया जा सके।

महापौर सौरभ थपलियाल ने सभी पार्षदों से अपने-अपने वार्डों में जनभागीदारी सुनिश्चित करते हुए अभियान को सफल बनाने की अपील की। पार्षदों ने भी अपने क्षेत्रों में पौधारोपण और पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करने का संकल्प लिया।
नगर निगम के अनुसार आगामी दिनों में विद्यालयों और आंगनबाड़ियों में सहजन के पौधों का रोपण, पार्कों, सार्वजनिक स्थलों, अतिक्रमण मुक्त भूमि तथा अन्य चिन्हित स्थानों पर व्यापक वृक्षारोपण अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान 70 हजार फलदार, छायादार और चारा प्रजाति के पौधों का रोपण एवं वितरण किया जाएगा। लगाए गए पौधों की जीपीएस मैपिंग और ग्रीन रजिस्टर में पंजीकरण कर उनके संरक्षण और नियमित निगरानी की भी व्यवस्था की जाएगी।

नगर निगम ने नागरिकों, सामाजिक संस्थाओं, विद्यालयों, रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशनों और स्वयं सहायता समूहों से अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील करते हुए कहा कि “हरित देहरादून – स्वच्छ देहरादून” का लक्ष्य जनसहभागिता से ही साकार होगा। यह अभियान अगले एक माह तक नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर चरणबद्ध तरीके से संचालित किया जाएगा।