अल्मोड़ा। हरेला पर्व के शुभ अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को विश्व प्रसिद्ध जागेश्वर धाम पहुंचकर वृद्ध जागेश्वर और भगवान जागेश्वर महादेव के दर्शन किए तथा विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
मुख्यमंत्री ने सबसे पहले वृद्ध जागेश्वर मंदिर में पूजा-अर्चना की। इसके बाद उन्होंने जागेश्वर धाम स्थित भगवान जागेश्वर महादेव के दर्शन कर विशेष पूजा-अर्चना की और प्रदेश की उन्नति एवं जनकल्याण की प्रार्थना की।
हरेला पर्व के अवसर पर मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने प्रदेशवासियों से “एक पेड़ मां के नाम” अभियान से जुड़ने और अधिक से अधिक पौधे लगाकर उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि हरेला उत्तराखंड की प्रकृति, पर्यावरण और लोक संस्कृति से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व है तथा पर्यावरण संरक्षण प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है।
मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर जागेश्वर धाम में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। मंदिर परिसर और आसपास पुलिस बल तैनात रहा। मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, मंदिर समिति के पदाधिकारियों तथा बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं की मौजूदगी रही।
इस अवसर पर शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, क्षेत्रीय विधायक मोहन सिंह मेहरा, जिलाधिकारी अंशुल सिंह, एसएसपी चंद्रशेखर घोके, मंदिर समिति की कार्यवाहक प्रबंधक ज्योति धपवाल, पूर्व पुजारी प्रतिनिधि नवीन चंद्र भट्ट सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।