नैनीताल। नैनीताल की वादियों में घूमने आए लखनऊ के छह पर्यटकों का वापसी का सफर दर्दनाक हादसे में बदल गया। ज्योलीकोट के पास उनकी टवेरा कार अचानक अनियंत्रित होकर करीब 40 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में चालक समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि चार अन्य पर्यटकों को भी चोटें आई हैं।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान चलाकर सभी घायलों को खाई से बाहर निकाला। गंभीर घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से हल्द्वानी स्थित सुशीला तिवारी अस्पताल भेजा गया।
लखनऊ से घूमने आए थे सभी पर्यटक
पुलिस के अनुसार, गोमतीनगर (लखनऊ) निवासी सिद्धार्थ प्रताप सिंह (24), निखिल त्रिपाठी (20), आदित्य त्रिपाठी (24), सिद्धांत सिंह (23), आदर्श मिश्रा (23) और निखिलेंद्र सिंघल (23) नैनीताल घूमने आए थे। गुरुवार सुबह सभी पर्यटक हल्द्वानी निवासी चालक संग्राम सिंह के साथ टवेरा वाहन (UK 04 TB 3870) से काठगोदाम लौट रहे थे।
अचानक अनियंत्रित होकर खाई में गिरा वाहन
बताया जा रहा है कि ज्योलीकोट नंबर-1 से कुछ आगे पहुंचते ही वाहन अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे करीब 40 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे के बाद वाहन में सवार लोगों की चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
चालक समेत दो की हालत गंभीर
एएसआई सुनील कुमार ने बताया कि हादसे में चालक संग्राम सिंह और निखिलेंद्र सिंघल गंभीर रूप से घायल हुए हैं। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद 108 एंबुलेंस से सुशीला तिवारी अस्पताल रेफर किया गया। अन्य चार पर्यटकों को भी चोटें आई हैं, जिनका उपचार कराया गया।
पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। शुरुआती आशंका वाहन के अनियंत्रित होने की जताई जा रही है।