उत्तराखंड में एप्पल मिशन को मिली रफ्तार, 17.52 करोड़ की पहली किस्त जारी; 500 हेक्टेयर में विकसित होंगे नए सेब के बाग

उत्तराखंड में एप्पल मिशन को मिली रफ्तार, 17.52 करोड़ की पहली किस्त जारी; 500 हेक्टेयर में विकसित होंगे नए सेब के बाग

देहरादून। उत्तराखंड में सेब उत्पादन बढ़ाने और बागवानी को नई गति देने के लिए सरकार ने एप्पल मिशन के तहत वित्तीय सहायता का वितरण शुरू कर दिया है। अतिसघन (हाई-डेंसिटी) बागवानी मॉडल को बढ़ावा देने के लिए प्रदेश के सेब उत्पादक जिलों को 17 करोड़ 52 लाख रुपये की पहली किस्त जारी की गई है।

सरकार का लक्ष्य इस वित्तीय वर्ष 2026-27 में प्रदेशभर में 500 हेक्टेयर क्षेत्रफल में नए सेब के बाग विकसित करना है। इस योजना के लिए कुल 34 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

80 प्रतिशत तक मिलेगी सब्सिडी

एप्पल मिशन के तहत किसानों को 80 प्रतिशत तक सब्सिडी का लाभ दिया जाएगा। इसका उद्देश्य आधुनिक और अतिसघन बागवानी तकनीक को बढ़ावा देकर सेब उत्पादन में वृद्धि करना और किसानों की आय बढ़ाना है।

प्रदेश में 12 हजार हेक्टेयर में हैं सेब के बाग

वर्तमान में उत्तराखंड में करीब 12 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में सेब के बाग हैं, जिनसे हर वर्ष लगभग 44 हजार मीट्रिक टन सेब का उत्पादन होता है।

2030 तक 5 हजार हेक्टेयर नए बाग विकसित करने का लक्ष्य

राज्य सरकार ने विजन-2030 के तहत अगले कुछ वर्षों में 5,000 हेक्टेयर अतिरिक्त क्षेत्र में सेब के बाग विकसित करने का लक्ष्य रखा है। इसके तहत आधुनिक बागवानी तकनीक अपनाकर उत्पादन और गुणवत्ता दोनों में सुधार किया जाएगा।

सरकार का मानना है कि एप्पल मिशन से पर्वतीय क्षेत्रों में बागवानी को नई मजबूती मिलेगी, किसानों की आमदनी बढ़ेगी और उत्तराखंड की पहचान उच्च गुणवत्ता वाले सेब उत्पादक राज्य के रूप में और मजबूत होगी।