देहरादून। जनसमस्याओं के त्वरित, पारदर्शी और संवेदनशील समाधान के उद्देश्य से आयोजित समाधान दिवस में सोमवार को जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने आम जनता की समस्याएं सुनीं। कलेक्ट्रेट में आयोजित जनसुनवाई में कुल 164 शिकायतें दर्ज की गईं।
जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने प्रत्येक मामले का समयबद्ध और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
भूमि विवाद और आर्थिक सहायता से जुड़े मामलों की भरमार
समाधान दिवस में भूमि विवाद, धोखाधड़ी, अवैध अतिक्रमण, सीमांकन, सामाजिक एवं आर्थिक सहायता और मानसून से हुए नुकसान से संबंधित बड़ी संख्या में शिकायतें सामने आईं। डीएम ने सभी मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने के निर्देश दिए।
ऑनलाइन गेमिंग की लत से परेशान परिवार ने मांगी मदद
ऋषिकेश निवासी एक महिला ने अपने बेटे की ऑनलाइन गेमिंग की लत के कारण परिवार की आर्थिक स्थिति बिगड़ने की जानकारी देते हुए प्रशासन से सहायता की गुहार लगाई।
वहीं, पल्टन बाजार की एक महिला ने बीमारी के इलाज और बेटी की स्कूल फीस के लिए आर्थिक सहायता मांगी। एक अन्य विधवा महिला ने अपनी बेटियों की पढ़ाई के लिए मदद की मांग की।
बुजुर्ग पिता की शिकायत पर तत्काल कार्रवाई के आदेश
समाधान दिवस में पहुंचे एक बुजुर्ग ने आरोप लगाया कि उनका बेटा संपत्ति हड़पने की नीयत से उनके साथ मारपीट और प्रताड़ना कर रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएम ने संबंधित एसडीएम को भरण-पोषण अधिनियम के तहत तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा राजपुर रोड स्थित पैतृक संपत्ति पर कथित अवैध कब्जे और अन्य विवादों की शिकायतों पर संबंधित अधिकारियों को मौके पर जाकर जांच करने के निर्देश दिए गए।
बिजली, अतिक्रमण और सुरक्षा मामलों पर सख्ती
ग्राम सिंगनीवाला में बिजली कनेक्शन और मानुवा गांव में खतरनाक बिजली पोल की शिकायत पर ऊर्जा निगम को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
सिद्धोवाला और बादामवाला में सरकारी भूमि पर कथित अतिक्रमण की शिकायतों पर एसडीएम विकासनगर को विस्तृत जांच के आदेश दिए गए।
बिल्डर के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश
धोरन रोड स्थित सेंट्रल पार्क रेजिडेंसी के पास सुरक्षा पुस्ता नहीं बनाए जाने की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए डीएम ने संबंधित बिल्डर के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही सिंचाई विभाग को आवश्यक सुरक्षा कार्यों का प्रस्ताव तैयार करने को कहा।
ओवरलोड वाहनों और विकास कार्यों पर भी निर्देश
विकासनगर के डॉक्टरगंज क्षेत्र में ओवरलोड वाहनों की आवाजाही रोकने, चकराता क्षेत्र में सीसी रोड निर्माण और ऋषिकेश बाईपास की अधिग्रहित भूमि के बदले भूमि आवंटन प्रक्रिया में तेजी लाने के भी निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने कहा कि जनता की समस्याओं का समयबद्ध और प्रभावी समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने चेतावनी दी कि शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।