देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से बुधवार को मुख्यमंत्री आवास में उत्तराखंड निवासी शेफ केशव नेगी ने मुलाकात की। केशव नेगी दिल्ली के मालवीय नगर स्थित एक होटल में हुए अग्निकांड के मामले में कानूनी प्रक्रिया का सामना कर रहे हैं। वह अपने परिवार के साथ मुख्यमंत्री से मिलने पहुंचे।
मुलाकात के दौरान केशव नेगी ने मुख्यमंत्री के सहयोग और संवेदनशीलता के लिए आभार जताया। मुख्यमंत्री धामी ने उनका हालचाल जाना और भरोसा दिलाया कि इस मुश्किल समय में प्रदेश सरकार उनके साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सरकार अपने हर नागरिक के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और जरूरत पड़ने पर हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि संकट की घड़ी में सरकार की जिम्मेदारी है कि वह अपने नागरिकों का हौसला बढ़ाए और उन्हें उचित सहायता दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास करे। उन्होंने अधिकारियों को भी ऐसे मामलों में आवश्यक समन्वय बनाए रखने और नियमानुसार संभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
इससे पहले मुख्यमंत्री धामी ने फोन पर भी केशव नेगी से बातचीत कर उनका हालचाल जाना था और उन्हें हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया था। मुख्यमंत्री ने इस मामले को लेकर दिल्ली की मुख्यमंत्री से भी बातचीत की थी।
मुख्यमंत्री के सहयोग और पहल के प्रति आभार जताने के लिए केशव नेगी ने परिवार के साथ मुख्यमंत्री आवास पहुंचकर उनसे मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने उन्हें भरोसा दिलाया कि प्रदेश सरकार मामले में आवश्यक सहयोग और समन्वय के लिए तत्पर रहेगी।