पीपलकोटी टनल हादसे का जायजा लेने जा रहे सांसद अनिल बलूनी की गाड़ी पर गिरा बोल्डर, बाल-बाल बचे

पीपलकोटी टनल हादसे का जायजा लेने जा रहे सांसद अनिल बलूनी की गाड़ी पर गिरा बोल्डर, बाल-बाल बचे

ऋषिकेश: चमोली के पीपलकोटी में हुए टनल हादसे का जायजा लेने जा रहे गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी की गाड़ी हादसे का शिकार हो गई। ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे पर तोता घाटी के पास पहाड़ी से अचानक एक बड़ा बोल्डर उनकी इनोवा गाड़ी पर आ गिरा। हादसे में सांसद समेत वाहन में सवार सभी लोग सुरक्षित हैं।

बोल्डर गिरने से वाहन के आगे के बाएं हिस्से में नुकसान पहुंचा है। घटना के बाद मौके पर कुछ देर अफरा-तफरी की स्थिति रही। वाहन को श्रीनगर ले जाकर आवश्यक मरम्मत कराई गई, जिसके बाद अनिल बलूनी दोबारा पीपलकोटी के लिए रवाना हो गए।

बदरी-केदार की कृपा से सभी सुरक्षित: बलूनी
हादसे के बाद अनिल बलूनी ने कहा, “बदरी-केदार की कृपा से सभी लोग सुरक्षित हैं। वाहन को थोड़ा नुकसान हुआ है। रिपेयर कराने के बाद अब पीपलकोटी के लिए निकल पड़े हैं।”
सांसद बलूनी पीपलकोटी में हुए टनल हादसे की स्थिति का जायजा लेने और प्रभावित लोगों से मुलाकात करने जा रहे थे। भारी बारिश के बीच रास्ते में यह हादसा हुआ।

पीपलकोटी टनल हादसे में कई श्रमिक फंसे
बता दें कि 13 अगस्त की शाम करीब सात बजे चमोली जिले के पीपलकोटी क्षेत्र के मायापुर में टीएचडीसी की निर्माणाधीन विष्णुगाड़-पीपलकोटी जलविद्युत परियोजना की टीआरटी टनल में अचानक मलबा और पानी भर गया था। हादसे के बाद कई श्रमिक सुरंग के अंदर फंस गए। राहत और बचाव टीमें लगातार रेस्क्यू अभियान में जुटी हैं।