हरिद्वार में विजिलेंस की बड़ी कार्रवाई,  रिश्वत लेते दो अधिकारी गिरफ्तार

हरिद्वार में विजिलेंस की बड़ी कार्रवाई, रिश्वत लेते दो अधिकारी गिरफ्तार


हरिद्वार। सरकारी योजनाओं की फाइल आगे बढ़ाने के नाम पर रिश्वत मांगने वाले दो सरकारी अधिकारियों को विजिलेंस ने मंगलवार को रंगेहाथ गिरफ्तार किया। कार्रवाई में खानपुर के सहायक कृषि अधिकारी हरिओम यादव को 10 हजार रुपये और नारसन के क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी कुलदीप कुमार को 35 हजार रुपये की रिश्वत लेते पकड़ा गया।


कृषि यंत्र की सब्सिडी के लिए मांगी 10 हजार की रिश्वत
विजिलेंस के मुताबिक, खानपुर क्षेत्र के एक व्यक्ति ने कृषि यंत्र खरीदने के लिए सरकारी सब्सिडी का आवेदन किया था। आवेदन के संबंध में उसने सहायक कृषि अधिकारी हरिओम यादव से संपर्क किया, लेकिन अधिकारी लगातार उसे टालता रहा।
बाद में आवेदक के भाई ने जब हरिओम यादव से फाइल आगे बढ़ाने के लिए बात की तो उसने 10 हजार रुपये रिश्वत की मांग की। शिकायत मिलने के बाद विजिलेंस टीम ने मंगलवार सुबह कार्यालय खुलते ही जाल बिछाया और हरिओम यादव को रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया।


फूलों की खेती के अनुदान के लिए मांगे 35 हजार
दूसरी कार्रवाई नारसन क्षेत्र में हुई। यहां युवा मंगल दल संचालन से जुड़े एक व्यक्ति ने फूलों की खेती के लिए सरकारी अनुदान का आवेदन किया था। इसके लिए उसने क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी कुलदीप कुमार से संपर्क किया।
आरोप है कि अधिकारी दस्तावेजों के नाम पर आवेदक को कई दिनों तक चक्कर कटवाता रहा और बाद में 35 हजार रुपये रिश्वत की मांग की। शिकायत का सत्यापन करने के बाद विजिलेंस ने मंगलवार को आदर्श कॉलोनी, लक्सर निवासी कुलदीप कुमार को रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया।


दोनों अधिकारियों के घरों पर भी तलाशी
fविजिलेंस की टीम ने दोनों अधिकारियों की गिरफ्तारी के बाद उनके आवासों की भी तलाशी ली। इस दौरान कई महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए गए हैं। विजिलेंस की ओर से दोनों मामलों में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
विजिलेंस की इस कार्रवाई से सरकारी योजनाओं और अनुदान से जुड़े कामों में रिश्वतखोरी करने वाले अधिकारियों में हड़कंप मच गया है।