ग्राफिक एरा मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस के नये सत्र का श्रीगणेश

ग्राफिक एरा मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस के नये सत्र का श्रीगणेश

चिकित्सा क्षेत्र में नॉलेज और एथिक्स के साथ संवेदनशीलता भी जरूरी: डॉ. कमल घनशाला

देहरादून, 5 अक्टूबर। ग्राफिक एरा इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज में MBBS के तीसरे बैच के नए सत्र की शुरुआत इंडक्शन प्रोग्राम के साथ हुई। सिल्वर जुबली कन्वेंशन सेंटर में आयोजित कार्यक्रम में नए विद्यार्थियों को चिकित्सा शिक्षा, अनुशासन और पेशेवर जिम्मेदारियों के बारे में जानकारी दी गई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ग्राफिक एरा ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के चेयरमैन डॉ. कमल घनशाला ने कहा कि एक सफल चिकित्सक बनने के लिए मेडिकल नॉलेज और एथिक्स के साथ मरीजों तथा अन्य लोगों के प्रति संवेदनशीलता और सहानुभूति भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि चिकित्सा पेशा सेवा से जुड़ा है, इसलिए चिकित्सकों के लिए नैतिक मूल्यों और मानवीय संवेदनशीलता का विशेष महत्व है।

विद्यार्थियों को गांवों में भी मिलेगा चिकित्सा सेवा का अनुभव

डॉ. घनशाला ने कहा कि विद्यार्थियों को मेडिकल शिक्षा के साथ व्यावहारिक अनुभव के अवसर भी उपलब्ध कराए जाएंगे। इसके तहत उन्हें ग्रामीण क्षेत्रों में चिकित्सा सेवा और स्वास्थ्य संबंधी गतिविधियों से जुड़ने का अवसर मिलेगा।

उन्होंने ग्राफिक एरा के तीन दशक से अधिक के सफर का उल्लेख करते हुए विद्यार्थियों से बड़े लक्ष्य निर्धारित करने और उन्हें हासिल करने के लिए निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि लक्ष्य जितना बड़ा होगा, चुनौतियां भी उतनी ही अलग और कठिन हो सकती हैं, लेकिन लगन और सूझबूझ से उनका सामना किया जा सकता है।

डॉ. घनशाला ने ग्राफिक एरा अस्पताल में आधुनिक चिकित्सा तकनीकों और अनुभवी फैकल्टी के माध्यम से विद्यार्थियों को सीखने के अवसर मिलने की बात कही। उन्होंने कहा कि मेडिकल शिक्षा के साथ विद्यार्थियों के शारीरिक और व्यक्तित्व विकास पर भी ध्यान दिया जाना जरूरी है।

मेडिकल कॉलेज में नई सुविधाएं विकसित करने की योजना

डॉ. घनशाला के अनुसार, आने वाले समय में मेडिकल कॉलेज में विद्यार्थियों के लिए कई नई सुविधाएं विकसित करने की योजना है। इनमें स्विमिंग पूल, अत्याधुनिक जिम्नेजियम, विश्वस्तरीय कन्वेंशन सेंटर और ऑडिटोरियम शामिल हैं। इन सुविधाओं का उद्देश्य विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ खेल, स्वास्थ्य और अन्य गतिविधियों के लिए बेहतर वातावरण उपलब्ध कराना है।

इससे पहले मेडिकल कॉलेज की डीन डॉ. अर्चना ठाकुर ने नए विद्यार्थियों को संस्थान के नियम-कायदों और अनुशासन संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित रूप से पढ़ाई और प्रैक्टिकल पर ध्यान देने का आह्वान किया। इस दौरान विद्यार्थियों की विभिन्न विभागाध्यक्षों और फैकल्टी सदस्यों से मुलाकात भी कराई गई।

कार्यक्रम के बाद नए विद्यार्थियों ने विश्वविद्यालय परिसर का भ्रमण किया और विभिन्न प्रयोगशालाओं तथा Gen AI Centre का अवलोकन किया। कार्यक्रम में उत्तराखंड के अलावा उत्तर प्रदेश, दिल्ली, पंजाब, बिहार और तमिलनाडु सहित विभिन्न राज्यों से आए विद्यार्थी और उनके अभिभावक शामिल हुए।

गौरतलब है कि नए सत्र से ग्राफिक एरा मेडिकल कॉलेज में MBBS की सीटों की संख्या बढ़ाकर 250 कर दी गई है।