PM मोदी ने किया आह्वान, ओलंपिक में ज्यादा से ज्यादा खेलों में भागीदारी बढ़ाए भारत

PM मोदी ने किया आह्वान, ओलंपिक में ज्यादा से ज्यादा खेलों में भागीदारी बढ़ाए भारत


नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को भारत की ओलंपिक तैयारियों को लेकर बड़ा आह्वान किया। उन्होंने कहा कि 2036 ओलंपिक की तैयारी के तहत भारत को उन खेलों में भी अपनी भागीदारी बढ़ानी होगी, जिनमें देश की मौजूदगी अब तक बेहद कम रही है या भारतीय टीमें हिस्सा ही नहीं लेती हैं।
प्रधानमंत्री ने ‘खेलो इंडिया संवाद’ के दौरान युवाओं को वर्चुअली संबोधित करते हुए कहा कि ओलंपिक में भारत के प्रदर्शन को बेहतर बनाने के लिए केवल पारंपरिक खेलों पर निर्भर रहना पर्याप्त नहीं है। देश को अधिक से अधिक खेलों में मजबूत एथलीट और टीमें तैयार करनी होंगी।


आधे ओलंपिक खेलों में भारत की टीमें नहीं लेतीं हिस्सा
पीएम मोदी ने कहा कि ओलंपिक में शामिल करीब आधे खेलों में भारत की टीमें हिस्सा ही नहीं लेती हैं। उन्होंने इसे देश के सामने मौजूद एक बड़ी चुनौती बताया और कहा कि भारत को अपनी खेल भागीदारी का दायरा बढ़ाने की जरूरत है।
उन्होंने युवाओं से खेलों में आगे आने और नए क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा दिखाने का आह्वान किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि देश में प्रतिभाओं की कमी नहीं है, जरूरत उन्हें सही अवसर, प्रशिक्षण और सुविधाएं उपलब्ध कराने की है।

खेल सिर्फ पदक जीतने तक सीमित नहीं
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि खेलों को लेकर उनका दृष्टिकोण केवल पदक जीतने तक सीमित नहीं है। खेल राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं और इनके माध्यम से युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता विकसित होती है।
उन्होंने कहा कि 2036 ओलंपिक को ध्यान में रखते हुए देश को अभी से दीर्घकालिक तैयारी करनी होगी। इसके लिए नए खेलों में प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं और प्रशिक्षण उपलब्ध कराना जरूरी है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत को ओलंपिक में अपनी भागीदारी और प्रदर्शन दोनों को व्यापक बनाना होगा, ताकि देश के युवा अधिक से अधिक खेलों में वैश्विक मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व कर सकें।