उत्तराखंड में अब घरों में आग लगने की घटना भी आपदा घोषित, पीड़ित परिवारों को मिलेगा मुआवजा, सीएम धामी के चार बड़े ऐलान

उत्तराखंड में अब घरों में आग लगने की घटना भी आपदा घोषित, पीड़ित परिवारों को मिलेगा मुआवजा, सीएम धामी के चार बड़े ऐलान

देहरादून: उत्तराखंड में अब रिहायशी मकानों में दुर्घटनावश आग लगने की घटनाओं को भी आपदा की श्रेणी में शामिल किया जाएगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को सचिवालय में आयोजित पहले ‘आपदा प्रबंधन दिवस’ कार्यक्रम में यह घोषणा की। इसके तहत अग्निकांड से प्रभावित परिवारों को राज्य आपदा मोचन निधि (एसडीआरएफ) के नियमों के अनुसार आर्थिक सहायता मिल सकेगी।

उत्तरकाशी के मोरी क्षेत्र के पवाणी गांव में हाल ही में हुए अग्निकांड के बाद यह घोषणा महत्वपूर्ण मानी जा रही है। अब तक शॉर्ट सर्किट, गैस रिसाव या अन्य दुर्घटनाओं के कारण घरों में आग लगने पर प्रभावित परिवारों को आपदा राहत के तहत सहायता मिलने में कठिनाई होती थी। मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद ऐसे मामलों में राहत का रास्ता खुल सकेगा।

सेवानिवृत्त जवानों को दी जाएगी आपदा प्रबंधन की ट्रेनिंग
मुख्यमंत्री ने आपदा प्रबंधन को मजबूत बनाने के लिए तीन अन्य घोषणाएं भी कीं। इसके तहत भूतपूर्व सैनिकों, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों, राज्य पुलिस और अन्य वर्दीधारी सेवाओं से सेवानिवृत्त जवानों एवं अधिकारियों को आपदा प्रबंधन का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इनके अनुभव का उपयोग आम लोगों को आपदाओं से निपटने के लिए तैयार करने में किया जाएगा।

हर एक हजार विद्यार्थियों पर एक शिक्षक बनेगा आपदा मित्र
स्कूलों, कॉलेजों और अन्य शिक्षण संस्थानों में विद्यार्थियों को आपदा से बचाव के प्रति जागरूक किया जाएगा। इसके लिए प्रत्येक एक हजार विद्यार्थियों पर एक शिक्षक को ‘आपदा मित्र’ या आपदा प्रबंधन विशेषज्ञ के रूप में प्रशिक्षित किया जाएगा।

राहत-बचाव में मदद करने वाले नागरिक होंगे पुरस्कृत
आपदा या सड़क दुर्घटना के दौरान निस्वार्थ भाव से राहत एवं बचाव कार्यों में मदद करने वाले आम नागरिकों को सरकार पुरस्कृत करेगी।कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने नवंबर 2023 के सिलक्यारा सुरंग बचाव अभियान को टीमवर्क और समन्वय की मिसाल बताया। मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने आपदा से पहले तैयारी, घटना के दौरान त्वरित कार्रवाई और प्रभावित लोगों के पुनर्वास पर जोर दिया।

प्रदेश में 169 सेंसर और 112 सायरन स्थापित
आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास सचिव विनोद कुमार सुमन ने बताया कि प्रदेश में 133 क्विक रिस्पॉन्स टीमें गठित की गई हैं, जिनमें 2,250 प्रशिक्षित सदस्य शामिल हैं। भूकंप की पूर्व चेतावनी प्रणाली के तहत राज्य में 169 सेंसर और 112 सायरन लगाए जा चुके हैं।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, गणेश जोशी, डॉ. धन सिंह रावत, मदन कौशिक, खजान दास, प्रदीप बत्रा, भरत सिंह चौधरी, डीजीपी दीपम सेठ और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।