देहरादून। उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (UKPSC) ने राज्य सिविल/प्रवर अधीनस्थ सेवा परीक्षा-2026 के लिए भर्ती विज्ञापन जारी कर दिया है। इस भर्ती अभियान के तहत प्रदेश के विभिन्न विभागों में कुल 67 पदों पर अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा। इच्छुक अभ्यर्थी 29 सितंबर 2026 तक आयोग की वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
डिप्टी कलेक्टर के 10, DSP के 14 पद
जारी विज्ञापन के अनुसार सबसे अधिक 14 पद पुलिस उपाधीक्षक (DSP) के हैं। वहीं डिप्टी कलेक्टर के 10 पद निर्धारित किए गए हैं। इसके अलावा जिला कमांडेंट होमगार्ड के 2, वित्त अधिकारी/कोषाधिकारी के 4, सहायक निदेशक/लेखा परीक्षा के 8 और सहायक आयुक्त राज्य कर का 1 पद शामिल है।
इसके साथ ही सहायक नगर आयुक्त/अधिशासी अधिकारी श्रेणी-1, उद्यान विकास अधिकारी श्रेणी-2, उप शिक्षा अधिकारी/स्टाफ ऑफिसर/विधि अधिकारी, सहायक श्रम आयुक्त, सहायक निदेशक/उपसचिव संस्कृत शिक्षा, सहायक निदेशक कारखाना/बॉयलर और सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी समेत विभिन्न पदों पर भर्ती होगी।
37 पद सामान्य वर्ग के लिए
कुल 67 पदों में 37 पद सामान्य वर्ग, 13 पद अनुसूचित जाति, 11 पद अन्य पिछड़ा वर्ग और 6 पद आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए निर्धारित किए गए हैं। विभिन्न पदों पर उत्तराखंड महिला एवं अन्य क्षैतिज आरक्षण का प्रावधान भी लागू होगा।
29 सितंबर तक आवेदन और शुल्क जमा
अभ्यर्थी 29 सितंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन के साथ निर्धारित परीक्षा शुल्क भी जमा कर सकेंगे। शुल्क का भुगतान नेट बैंकिंग, डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड और यूपीआई के माध्यम से किया जा सकेगा।
आयोग के अनुसार आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद 7 अक्टूबर से 16 अक्टूबर 2026 तक अभ्यर्थियों को अपने आवेदन पत्र में संशोधन या परिवर्तन का अवसर दिया जाएगा। इसके बाद किसी तरह के बदलाव की अनुमति नहीं होगी।
आयोग ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे आवेदन करने से पहले भर्ती विज्ञापन में दी गई शैक्षिक योग्यता, आयु सीमा, आरक्षण, परीक्षा योजना और अन्य शर्तों को ध्यानपूर्वक पढ़ लें और अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय पर आवेदन प्रक्रिया पूरी करें।