नई दिल्ली: 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन आज नई दिल्ली पहुंच गए हैं। नई दिल्ली पहुंचने पर विदेश राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने उनका स्वागत किया। पुतिन की भारत यात्रा को दोनों देशों के बीच लंबे समय से चली आ रही रणनीतिक साझेदारी के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
यात्रा के दौरान राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ द्विपक्षीय बातचीत करेंगे। इसके अलावा वह कई अन्य द्विपक्षीय बैठकों में भी हिस्सा लेंगे। दोनों नेताओं के बीच बातचीत में भारत-रूस संबंधों के विभिन्न पहलुओं के साथ-साथ आपसी हितों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है।
विदेश मंत्रालय ने सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से कहा कि भारत और रूस के बीच लंबे समय से विशेष एवं रणनीतिक साझेदारी पर आधारित मजबूत और बहुआयामी संबंध हैं। दोनों देशों के बीच राजनीतिक, आर्थिक, रक्षा और अन्य क्षेत्रों में सहयोग लगातार जारी है।
पुतिन का नई दिल्ली पहुंचना ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की तैयारियों के बीच महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना जा रहा है। सम्मेलन में सदस्य देशों के बीच सहयोग और वैश्विक स्तर पर महत्वपूर्ण मुद्दों पर विचार-विमर्श होगा।