देहरादून। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) ने वन विकास निगम में स्केलर के 200 पदों पर भर्ती का विज्ञापन जारी कर दिया है। भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 22 सितंबर 2026 से शुरू होगी। इच्छुक अभ्यर्थी आयोग की वेबसाइट sssc.uk.gov.in के माध्यम से आवेदन कर सकेंगे। शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) की अनंतिम तिथि 19 नवंबर 2026 से प्रस्तावित की गई है।
200 पदों पर होगी भर्ती
कुल 200 पदों में 105 पद सामान्य वर्ग, 39 पद अनुसूचित जाति (SC), 27 पद अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC), 21 पद आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) और 8 पद अनुसूचित जनजाति (ST) के लिए निर्धारित हैं। इसके अलावा नियमानुसार महिला, भूतपूर्व सैनिक, अनाथ, उत्कृष्ट खिलाड़ी और आंदोलनकारियों को क्षैतिज आरक्षण का लाभ मिलेगा।
12वीं पास अभ्यर्थी कर सकेंगे आवेदन
स्केलर पद के लिए अभ्यर्थी का विज्ञान या गणित विषय के साथ 12वीं पास होना अनिवार्य है। आयु सीमा एक जुलाई 2026 को 18 से 28 वर्ष निर्धारित की गई है। उत्तराखंड के आरक्षित वर्गों को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
महत्वपूर्ण तिथियां
ऑनलाइन आवेदन शुरू: 22 सितंबर 2026
आवेदन की अंतिम तिथि: 22 अक्टूबर 2026
आवेदन पत्र में संशोधन: 26 से 27 अक्टूबर 2026
शारीरिक दक्षता परीक्षा: 19 नवंबर 2026 से प्रस्तावित
दो चरणों में होगी चयन प्रक्रिया
चयन प्रक्रिया दो चरणों में होगी। पहले चरण में शारीरिक मानक एवं शारीरिक दक्षता परीक्षा होगी। यह परीक्षा अर्हकारी होगी। पुरुष अभ्यर्थियों को चार घंटे में 25 किलोमीटर और महिला अभ्यर्थियों को चार घंटे में 14 किलोमीटर दौड़ पूरी करनी होगी। दौड़ में सफल अभ्यर्थियों को शॉट पुट, लंबी कूद और ऊंची कूद में भी भाग लेना होगा।
शारीरिक दक्षता परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों के लिए दूसरे चरण में 100 अंकों की दो घंटे की वस्तुनिष्ठ लिखित परीक्षा आयोजित की जाएगी। परीक्षा ऑफलाइन होगी। इसमें शैक्षिक योग्यता से संबंधित प्रश्न पूछे जाएंगे। प्रत्येक गलत उत्तर पर एक-चौथाई अंक की नकारात्मक अंक व्यवस्था लागू होगी।
आवेदन शुल्क
सामान्य एवं उत्तराखंड OBC: 300 रुपये
उत्तराखंड SC, ST, EWS एवं दिव्यांग: 150 रुपये
अनाथ अभ्यर्थी: कोई शुल्क नहीं
अभ्यर्थी आवेदन करने से पहले आयोग द्वारा जारी भर्ती विज्ञापन में पात्रता, आरक्षण, परीक्षा और अन्य शर्तों को ध्यानपूर्वक पढ़ लें।