देवप्रयाग (टिहरी गढ़वाल): सद्भावना दिवस के अवसर पर राजकीय महाविद्यालय देवप्रयाग और थाना देवप्रयाग पुलिस की ओर से संयुक्त रूप से जागरूकता कार्यक्रम एवं फुटबॉल प्रतियोगिता आयोजित की गई। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, पुलिसकर्मियों और स्थानीय नागरिकों ने सामाजिक सद्भाव, राष्ट्रीय एकता और भाईचारे को बनाए रखने की शपथ ली। फुटबॉल प्रतियोगिता के माध्यम से युवाओं को खेल, अनुशासन और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. नर्वदेश्वर शुक्ला ने की। इस अवसर पर एंटी ड्रग सेल के नोडल अधिकारी डॉ. मोहम्मद आदिल कुरैशी और थाना देवप्रयाग के थानाध्यक्ष कृष्णकांत उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ सद्भावना की शपथ के साथ हुआ। उपस्थित लोगों ने जाति, धर्म, भाषा और क्षेत्र से ऊपर उठकर देश की एकता, अखंडता तथा आपसी भाईचारे को मजबूत बनाए रखने का संकल्प लिया।
इसके बाद आयोजित फुटबॉल प्रतियोगिता में महाविद्यालय के विद्यार्थियों की दो टीमों ने हिस्सा लिया। दोनों टीमों के बीच रोमांचक मुकाबला हुआ। खिलाड़ियों ने खेल कौशल और टीम भावना का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के अंत में विजेता टीम को पुरस्कृत किया गया।
प्राचार्य प्रो. नर्वदेश्वर शुक्ला ने कहा कि सद्भावना दिवस का उद्देश्य समाज में प्रेम, शांति और सौहार्द को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि खेल गतिविधियां युवाओं में अनुशासन, टीम भावना और सकारात्मक सोच विकसित करती हैं तथा उन्हें नशे और गलत संगत से दूर रखने में मददगार होती हैं।
एंटी ड्रग सेल के नोडल अधिकारी डॉ. मोहम्मद आदिल कुरैशी ने युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया और नशामुक्त समाज के निर्माण में सहयोग करने की अपील की। वहीं, थानाध्यक्ष कृष्णकांत ने कहा कि पुलिस और युवाओं के बीच बेहतर समन्वय एवं विश्वास से समाज में शांति व्यवस्था बनाए रखने में मदद मिलती है। उन्होंने युवाओं से कानून का पालन करने और सामाजिक सद्भाव बनाए रखने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के आयोजन में छात्र संघ अध्यक्ष आर्यन दीप और छात्र नेता सुमित सिंह ने भी सक्रिय भूमिका निभाई। उन्होंने आयोजन की व्यवस्थाओं और प्रतियोगिता के संचालन में सहयोग किया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापक, थाना पुलिस के अधिकारी एवं कर्मचारी, छात्र-छात्राएं और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।