भगवानपुर/हरिद्वार। भगवानपुर क्षेत्र के करौंदी स्थित आरोग्यम अस्पताल में बुधवार शाम मरीज के उपचार को लेकर विवाद हो गया। भगवानपुर विधायक ममता राकेश के बेटे अभिषेक राकेश अपने समर्थकों के साथ अस्पताल पहुंचे थे। डॉक्टर से बातचीत के दौरान कहासुनी के बाद मामला धक्का-मुक्की और मारपीट तक पहुंच गया। सूचना पर भगवानपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को शांत कराया।
मरीज के उपचार को लेकर पहुंचा था मामला
जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पहले एक मरीज उपचार के लिए आरोग्यम अस्पताल आया था। बताया गया है कि अस्पताल में वह एक चिकित्सक से टकराकर गिर गया था, जिससे उसके सिर में चोट आई थी। अस्पताल प्रबंधन की ओर से मरीज के उपचार की बात कही गई थी।
इसी मामले को लेकर बुधवार शाम अभिषेक राकेश अपने समर्थकों के साथ अस्पताल पहुंचे। मरीज के उपचार को लेकर डॉक्टर से बातचीत के दौरान दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। इसके बाद विवाद बढ़ने पर धक्का-मुक्की और मारपीट की स्थिति बन गई। घटना के बाद अस्पताल परिसर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा।
अस्पताल प्रबंधन ने लगाया पिस्टल लहराने का आरोप
घटना के बाद अस्पताल प्रबंधन की ओर से आरोप लगाया गया कि अभिषेक राकेश के साथ आए कुछ लोगों ने अस्पताल परिसर में पिस्टल लहराई। अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि इससे वहां मौजूद लोगों में भय का माहौल बना।
हालांकि, पिस्टल लहराने के इस आरोप की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और उपलब्ध सीसीटीवी फुटेज समेत अन्य तथ्यों के आधार पर स्थिति स्पष्ट की जाएगी।
दोनों पक्षों ने पुलिस को दी तहरीर
वहीं, अभिषेक राकेश पक्ष की ओर से भी दूसरे पक्ष पर मारपीट के आरोप लगाए गए हैं। घटना को लेकर दोनों पक्षों ने भगवानपुर पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस का कहना है कि शिकायतों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।