मोहब्बेवाला में लगातार सड़क हादसों पर प्रशासन सख्त, DM-SSP ने किया राजमार्ग का निरीक्षण, रंबल स्ट्रिप लगाने के निर्देश

मोहब्बेवाला में लगातार सड़क हादसों पर प्रशासन सख्त, DM-SSP ने किया राजमार्ग का निरीक्षण, रंबल स्ट्रिप लगाने के निर्देश

देहरादून। मोहब्बेवाला क्षेत्र में दिल्ली-देहरादून राजमार्ग पर लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं को देखते हुए जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने राजमार्ग एवं दुर्घटनास्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मौके पर दुर्घटनाओं के संभावित कारणों की जानकारी ली और संबंधित विभागों के अधिकारियों को सड़क सुरक्षा के लिए तत्काल आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए।

हादसों के कारणों की होगी तकनीकी जांच
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने निर्देश दिए कि मोहब्बेवाला क्षेत्र में हुई दुर्घटनाओं के कारणों की विस्तृत और तकनीकी जांच की जाए। सड़क इंजीनियरिंग से जुड़े पहलुओं के साथ ब्लैक स्पॉट, ओवर स्पीडिंग और यातायात नियमों के उल्लंघन की भी जांच करने को कहा गया है।इन सभी बिंदुओं का विश्लेषण कर दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए एक विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए।

बड़े साइन बोर्ड और रंबल स्ट्रिप लगाने के निर्देश
प्रशासन ने दुर्घटना संभावित क्षेत्र में बड़े साइन बोर्ड लगाने के निर्देश दिए हैं। इन बोर्ड के माध्यम से वाहन चालकों को सावधानी से वाहन चलाने और गति नियंत्रित रखने के लिए जागरूक किया जाएगा।
इसके साथ ही राजमार्ग पर रंबल स्ट्रिप ब्रेकर लगाने के निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि वाहनों की गति नियंत्रित की जा सके और दुर्घटनाओं की आशंका कम हो।

कार्ययोजना पर तत्काल अमल के निर्देश
जिलाधिकारी और SSP ने संबंधित विभागों को तैयार की जाने वाली कार्ययोजना का तत्काल क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए सड़क की स्थिति, यातायात व्यवस्था और वाहन चालकों के व्यवहार से जुड़े सभी पहलुओं पर कार्रवाई करने को कहा।
निरीक्षण के दौरान SP सिटी, प्रशासन, NHAI, RTO और पुलिस विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।